गिरिडीह में डेढ़ करोड़ के पार्क का शिलान्यास किया सांसद ने
गिरिडीह, आफिसर्स कालोनी स्थित झिंकरी मुहल्ले में बीआरपीएफ मद के एक करोड़ 50 लाख रु. की लागत से बनने वाले सिध्दु कान्हू पार्क का शिलान्यास सांसद रविन्द्र पाण्डेय ने किया। समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए सांसद ने कहा कि गिरिडीह जिले के लिए यह किसी स्वर्णिम दिन से कम नहीं है कि जिला मुख्यालय में सिध्दु-कान्हू के नाम से बड़े पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। सांसद श्री पाण्डेय ने इस बात पर अफसोस व्यक्त किया कि राज्य गठन के बाद अन्य जिलों की तरह गिरिडीह के शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए मनोरंजन अथवा परिवार वालों के साथ समय मिलने के लिए कहीं उचित पार्क अथवा पिकनिक स्थल नहीं है। उन्होंने कहा कि जब शहरी क्षेत्र के आम लोग फुर्सत के क्षण परिवार के साथ पार्क में बिता सकेंगे।
सदर एसडीओ कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि इस पार्क का शिलान्यास होना शहर के लिए गौरव की बात है। श्री सिंह ने कहा कि इस पार्क के निर्माण में भले ही जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहे, परन्तु निर्माण में आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। इस बीच पार्क के कार्यकारी एजेंसी के निर्देशक शफीक रंजन सिंह एवं परियोजना समन्वयक मनीष पाठक ने बताया कि इस पार्क में चिलड्रेन पार्क, हर्बल पार्क, ओपेन एयर थियेटर, भूल-भूलैया, कृत्रिम नदी एवं कृत्रिम जल प्रपात का निर्माण होना है। शिलान्यास समारोह में जिले की उपायुक्त वंदना दादेल, उप विकास आयुक्त नरेन्द्र मिश्र, नगर पर्षद की अध्यक्ष पूनम प्रकाश, उपाध्यक्ष विभाकर पांडे, बाबुल गुप्ता, सुबोध प्रकाश, शुकेदव साहु, दिनेश यादव, यदुनन्दन पाठक, संतोष सिंह, नवनीत सिंह, गोपाल विश्वकर्मा सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे। इसे पूर्व अधिकारियों ने शिलापट्ट पर नारियल फोड़ कर योजना का शिलान्यास किया।

Have your say!