ranchiexpress.com   Web       
Home » Jharkhand » 25 July 2010 »

हंगामे के बीच संपन्न हुई निगम की पहली बैठक

धनबाद, हो हंगामे के बीच आज धनबाद स्थित डीआरडीए के सभागार में धनबाद नगर निगम की पहली बैठक संपन्न हो गयी। बैठक के परिचय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद पशुपतिनाथ सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक मन्नान मल्लिक व कुंती सिंह मौजूद थे। बैठक में पानी, बिजली, साफ-सफाई के अलावा स्टैंडिंग कमेटी व कंसलटेंसी कमेटी पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। साथ ही नगर निगम बोर्ड के समक्ष प्रशासक ने इलाके में बस सेवा बहाल करने की स्थिति पर विस्तृत रूप रिपोर्ट रखी।
बैठक में सभी 55 पार्षद के अलावा महापौर इंदु देवी, उपमहापौर नीरज सिंह, नगर निगम प्रशासक आनंद मोहन सिंह के अलावा निगम के कई अधिकारी मौजूद थे। बैठक का उद्धाटन करने के बाद अपने सम्बोधन में सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि नगर निगम के गठन होने के बाद क्षेत्र के विकास की एक अहम जिम्मेवारी अब नगर निगम के महापौर, उप महापौर और पार्षदों के कंधे पर आ गयी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र रूप से नगर निगम चुनाव होने की वजह से चुने गये तमाम पार्षद सहित महापौर व उपमहापौर एक ही परिवार के अंग है और क्षेत्र की समस्याओं के निष्पादन में उन्हें मिलजुलकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में विधायक मन्नान मल्लिक ने नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं की ओर पार्षदों व अन्य पदाधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता को उनसे काफी उम्मीदें हैं। क्षेत्र में समस्याओं का अम्बार लगा है ऐसे में उन्हें मिलजुलकर अपने दायित्व का निर्वहन पूरी सचेष्टता के साथ करना है। परिचय सत्र के तहत पार्षदों ने विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई, पानी-बिजली आदि विभिन्न समस्याओं की ओर नगर निगम प्रशासक व महापौर-उपमहापौर का ध्यान आकर्षित किया।
दूसरे सत्र की कार्रवाई महज आधा घंटा चलने के बाद ही समाप्त हो गयी। जबकि इसी सत्र में नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी एवं कंसल्टेंसी कमेटी के गठन पर चर्चा होनी थी। सत्र शुरू होते ही उपमहापौर नीरज सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि पार्षदों को उपरोक्त दोनों कमेटियों के बारे में यह तय करना है कि इसका गठन चुनाव के आधार पर हो या यह मामला महापौर के विवेक पर छोड़ दिया जाय। उपमहापौर के इस प्रस्ताव पर बिना बहस के ध्वनिमत से यह प्रस्ताव पास हो गया कि कमेटी का गठन महापौर के विवेक पर छोड़ दिया जाता है। महापौर इन्दु देवी ने कमेटी के गठन के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। आगामी 31 जुलाई को अगली बैठक में कमेटी की घोषणा कर दी जायेगी। बैठक में कुछ मुद्दों को लेकर जोरदार हंगामा भी हुआ।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.