अरसंडे सर्वश्रेष्ठ, बिहार क्लब प्रथम विजेता
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, रांची जिला का बैठक में आज वर्ष 2009 में सम्पन्न श्री चित्रगुप्त पूजा में चित्रगुप्त पूजा समिति अरसंडे को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया।
बैठक में महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रिगेडियर रवि कुमार ने प्रमाण पत्र के साथ चित्र गुप्त पूजा समिति अरसंडे को रनिंग शील्ड प्रदान किया। प्रथम विजेता बिहार क्लब को डा. राघव शरण ने तथा द्वितीय विजेता अशोक नगर चित्रगुप्त पूजा समिति एवं तृतीय विजेता चित्रगुप्त पूजा समिति ललितग्राम रातू को जिला अध्यक्ष महथा ब्रज भूषण सिन्हा ने ट्राफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया।
छगनलाल धर्मशाला लेक रोड में आयोजित बैठक में वर्ष 2009-10 का लेखा-जोखा तथा 2010-11 का बजट प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी ने कई नये प्रस्ताव पास किये। जिसमें मुख्य रूप से वैवाहिक समस्याओं यथा दहेज प्रथा, उत्पीड़न एवं तलाक जैसी समस्याओं के समाधान के लिए हितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया तथा लोगों से आग्रह किया किया कि वे अपनी समस्या समिति के समक्ष रखें।
पारित प्रस्ताव में कहा गया कि समाज की सिर्फ चार जातियां ही आरक्षण की मार झेल रही है। इन्हें आरक्षण से काफी नुकसान हुआ है। कायस्थ महासभा ने वर्तमान आरक्षण व्यवस्था का विरोध किया तथा सभी वर्गों के लिए आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की गयी। जिलाध्यक्ष महथा ब्रज भूषण सिन्हा ने सबको संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। महासभा का सदस्यता अभियान भी चलाया गया।

Have your say!