भाजपा के आरोपों में सचाई नहीं है : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में सरकार द्वारा सीबीआई के दुरुपयोग के भाजपा के आरोप को नकारते हुए आशा जतायी है कि संसद का काम सुचारू तौर पर चलेगा और उसमें राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर बहस होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बात (भाजपा के आरोप) में कोई सचाई नहीं है। विपक्ष इसे अच्छी तरह जानता है। सोहराबुद्दीन मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर की जा रही है। केंद्र सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है। मानसून सत्र के पहले दिन संसद में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि केंद्र ने जांच प्रक्रिया को किसी भी तरह से प्रभावित करने की कोई कोशिश नहीं की। मैं यह फिर से कह रहा हूं। प्रधानमंत्री ने आशा जतायी कि संसद का सत्र शांतिपूर्ण और रचनात्मक होगा। गुजरात के पूर्व मंत्री अमित शाह की रविवार को सोहराबुद्दीन मामले में गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने आरोप लगाया था कि सीबीआई भाजपा शासित गुजरात और मध्यप्रदेश को निशाना बनाते हुए पक्षपाती तरीके से काम कर रही है, जबकि फर्जी मुठभेड़ कांड में उसने आंध्रप्रदेश को पूरी तरह छोड़ दिया है क्योंकि वहां कांग्रेस सत्ता में है।

Have your say!