ranchiexpress.com   Web       
Home » Ranchi » 29 July 2010 »

शिक्षक आत्ममूल्यांकन करें : कुलपति

रांची, डोरंडा कालेज का 49वां स्थापना दिवस समारोह आज धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए.ए. खान ने कहा कि शिक्षकों को छठा वेतनमान मिलने जा रहा है। शिक्षकों की मांगें पूरी हो गयी हैं। अब शिक्षकों को विचार करना होगा कि वे दूसरे को क्या देंगे? शिक्षक बकाया राशि एवं अन्य भुगतान के लिए काफी मेहनत करते हैं लेकिन उन्हें अब स्वयं सोचना होगा कि शिक्षा के क्षेत्र में वे क्या कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन नहीं करेंगे तो समाज पर इसका विपरीत असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि उनके साढ़े चार साल के कुलपतित्व कार्यकाल में शिक्षक अपनी समस्याएं लेकर तो पहुंचे लेकिन कालेज या विभाग की समस्याओं की संचिका के साथ कभी नहीं आये।
कालेज के प्राचार्य डा.रामप्रवेश ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कारपोरेट घरानों के प्रवेश कर जाने के बाद अब हमारे कालेजों के समक्ष कड़ी प्रतिस्पध्र्दा है। उनके पास संसाधनों की कमी नहीं है। हमारे पास काफी कम संसाधन हैं। बावजूद इसके हम सफल होंगे। समारोह में कालेज की पत्रिका ‘कल्पतरू-द्वितीय’ का लोकार्पण भी किया गया।
इस मौके पर कालेज के दो शिक्षकों प्रो. इग्निशिया टोप्पो व नीना नरेन्द्र के अलावा दो मेधावी छात्र भी सम्मानित किये गये। समारोह में कालेज के स्थापना काल से जुड़े शिक्षक प्रो. कामता प्रसाद सिन्हा, प्रो.जगदीश नारायण, अशोक पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे। विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।
मंच संचालन हरमिन्दर वीर सिंह, डा.मंजू लाल व धन्यवाद ज्ञापन डा.पूनम कुमारी ने किया।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.