‘महाशतक’ से छह कदम दूर सचिन
नयी दिल्ली, क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर क्रिकेट इतिहास में शतकों का महाशतक पूरा करने से अब सिर्फ छह कदम दूर रह गए हैं। सचिन ने कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन आज नाबाद 108 रन बनाते हुए अपना 48वां टेस्ट शतक पूरा कर लिया। 37 वर्षीय सचिन के 20 वर्षों से अधिक के अंतर्राष्ट्रीय करियर में उनका यह कुल 94वां शतक है। वह वनडे में 46 शतक बना चुके हैं। टेस्ट और वनडे में सर्वाधिक शतक और सर्वाधिक रन बनाने के विश्वरिकार्ड अपने नाम रखने वाले सचिन अब शतकों का महाशतक पूरा करने से छह शतक पीछे रह गए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में शतकों का अर्ध्दशतक पूरा करने से सिर्फ दो कदम दूर हैं। सचिन ने इसके अलावा 168 टेस्टों में 55 अर्ध्दशतक और 442 वनडे में 93 अर्ध्दशतक भी बनाए हैं। उनके टेस्ट और वनडे में 50 से अधिक के आंकड़े तो देखा जाए तो वह अब तक 242 बार दोनों तरह की क्रिकेट में 50 से ऊपर का स्कोर बना चुके हैं। टेस्ट शतक बनाने के मामले में इस वक्त सचिन के आसपास कोई नहीं है। एक समय रिकी पोंटिंग तेजी से सचिन के करीब आ रहे थे, लेकिन सचिन ने अब यह फासला काफी लंबा कर लिया है। पोंटिंग 39 शतकों के साथ सचिन से काफी पीछे दूसरे स्थान पर और द.अफ्रीका के आलराउंडर कैलिस 35 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के लिए सचिन को पकड़ पाना दूर की कौड़ी है। एकदिवसीय मैचों में शतकों के मामले में सचिन और अन्य बल्लेबाजों में मीलों लंबा फासला है। सचिन के वनडे में जहां 46 शतक हैं वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद पोंटिंग के 29 और तीसरे स्थान पर मौजूद श्रीलंका के सनत जयसूर्या के 28 शतक हैं। इस वर्ष एकदिवसीय क्रिकेट का पहला दोहरा शतक बना चुके सचिन के इन रिकार्डों तक पहुंचने के बारे में कोई खिलाड़ी जब तक सोचेगा तब तक तो सचिन शतकों का महाशतक पूरा कर ही लेंगे।

Have your say!