सलीके से मिलेगी शांति
हर किसी की ख्वाहिश होती है कि उसका अपना सजा संवारा हुआ एक घरौंदा हो, जहां बैठकर वह दिनभर की थकान मिटा सके। साथ ही वहां उसे शांति और सुकून के कुछ पल भी हासिल हो सके। इसका मतलब यह कतई नहीं है कि घर मेट्रो सिटी के किसी पॉश इलाके में हो, बेशकीमती पत्थर से बना हुआ हो, उसमें महंगा रंग रोगन हुआ हो, वहां माडर्न और स्टाइलिश फर्नीचर हो, उसमें स्लिक व सैटिन के पर्दे लगे हों आदि। बेशक, ये चीजें बड़ी आसानी से आपके घर को बेहतरीन लुक दे देंगी, लेकिन इस तरह का सजाधजा घर खरीदना हर किसी के बास की बात भी नहीं है। अगर हम चाहें, तो अपने छोटे-से आशियाने की सुव्यवस्थित ढंग से रखकर ही मन की शांति का इंतजाम कर सकते हैं।
इंटीरियर का रखें ध्यान
अगर घर के बेसिक रखरखाव की ओर ध्यान दिया जाय, तो घर रूपरेखा ही बदल जाती है, जैसे-फर्नीचर की चमक फीकी पड़ रही हो, तो उस पर पालिश करवारकर उसकी हालत सुधारें। अगर कारपेट सुंदर है, पर मैला है, तो तुरंत कारपेट की ड्राइक्लीनिंग करा लें। इसी तरह, बेडशीट्स, पर्दे और कुशन कवर पुराने और बदरंगे हो रहे हों, इन्हें तुरंत बदल डालें।
घर पर रखें पैनी निगाह
अगर आप अपने घर से लगाव रखते हैं और चाहते हैं कि यह सलीकेदार लगे, तो इसके लिये आपको सबसे पहले अपने घर की स्थिति पर पैनी नजर रखनी पड़ेगी। इसके लिये आपको सचेत रहना पड़ेगा, यानी घर में कम से कम हफ्ते में एक बार बेकार और फालतू समान बाहर फेंकें।
कुछ समय निकालें
घर को सलीकेदार बनाये रखने के लिये आपको अपने बिजी शेड्यूल से कुछ समय तो निकालना ही पड़ेगा। तो अब देर न करें बाजार जाएं और अपने बजट के मुताबिक घर को सजाने संवारने के लिये जमकर शापिंग करें।
साफ-सफाई का रखें ख्याल
साफ-सफाई से घर तो साफ-सुथरा होता ही है, ऐसा करने से वास्तु की दृष्टि से भी घर में पाजिटिव एनर्जी का समावेश होता है और घर से नकारात्मक शक्तियां बाहर जाती हैं। यही कारण है कि घर या आफिस में धूल भरी हो और कबाड़ फैला हो, तो मन बेचैन रहता है और काम में मन नहीं लगता। घर में कोई सामान बिखरा हुआ न हो, इस बात का भी हमेशा ध्यान रखें। तभी आपको घर हर समय सलीकेदार रह सकेगा। यह देखकर आपको तो अच्छा फील होगा ही, घर आने वाले मेहमानों पर भी अच्छा इंप्रेशन पड़ेगा।
लाइटिंग को बनाएं आकर्षक
लाइटिंग को इंटीरियर का अहम हिस्सा समझें और इस ओर खासा ध्यान दें। शांति और सुकून से रहने के लिये घर में डिम लाइटिंग करवाएं। यही नहीं, अगर स्विच बोर्ड और स्विच गंदे हो रहे हों, तो उन्हें अच्छे क्लीनर से साफ करें। अगर आपका बजट मजबूत है, तो बाजार में उपलब्ध फैंसी और स्टाइलिश स्विच और लैप शेड लगवाएं।
हरियाली का जवाब नहीं
घर को सलीकेदार रखने के अलावा घर में फैंसी हरियाली भी मन को शांति देती है। अगर आपके घर में गार्डनिंग की जगह न हो, तो इंडोर प्लांट्स का सहारा लें। इसके अलावा, घर में हल्का रंग (अंगूरी) पेंट भी करा सकते हैं। माना जाता है कि हरा रंग आंखों को सुकून देता है।


Have your say!