आईआईएम! टॉप बी-स्कूल
भारत में करीब 1300 से अधिक बी-स्कूल्स हैं और बढ़ती डिमांड को देखते हुए इनमें लगातार बढोत्तरी हो रही है। फिलहाल इन बी-स्कूलों में करीब एक लाख सीटें हैं। इनमें से अधिकांश स्कूलों ने अपने क्वालिटी एजुकेशन से दुनिया भर में पहचान बनाई है। यही कारण है कि उनके स्टूडेंट्स को कॉर्पोरेट कंपनियां हाथों-हाथ ले रही हैं। स्टूडेंट्स की डिमांड पर यहां ऐसे कुछ प्रमुख बी-स्कूलों और उनमें उपलब्ध कोर्सो की जानकारी दी जा रही है…
इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस : यह बी-स्कूल हैदराबाद में है। मैनेजमेंट रिसर्च के क्षेत्र में यह जाना-माना नाम है। यहां एमबीए के अलावा, शॉट-डयूरेशन मैनेजमेंट कोर्स और बिजनेस मैनेजमेंट में डॉक्टोरल प्रोग्राम भी चलाए जाते हैं।
एमपी बिडला इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट : भारतीय विद्या भवन से संबध्द यह प्रतिष्ठित मैनेजमेंट स्कूल बेंगलुरु में है। यहां एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त दो वर्षीय फुल टाइम एमबीए कोर्स संचालित है, जो बेंगलुरु यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड है।
फोर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट : नयी दिल्ली में स्थित फाउंडेशन फॉर ऑर्गनाइजेशन रिसर्च एड एजुकेशन (एफओआरई यानी फोर) मैनेजमेंट एजुकेशन, रिसर्च, ट्रेनिंग व कंसल्टेंसी के लिए जाना जाता है। यहां दो वर्षीय एमबीए (यूके की नाटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड) के अलावा, दो वर्ष का पीजीडीबीएम (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन बिजनेस मैनेजमेंट) भी उपलब्ध है।
एजिस स्कूल ऑफ बिजनेस : यह नवी मुंबई में स्थित है। खास बात यह है कि यहां का एमबीए प्रोग्राम लंदन बिजनेस स्कूल (एलबीएस) से एफिलिएटेड है। यहां एक वर्षीय एमबीए प्रोग्राम संचालित है, जिसमें एक्सपीरियंस्ड प्रोफेशनल्स को एडमिशन दिया जाता है।
इंटरनेशनल मैनेजमेंट इंस्टीटयूट : नयी दिल्ली में स्थित इस संस्थान में दो वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन इंटरनेशनल मैनेजमेंट चलाया जाता है।
इंस्टीटयूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट : कोलकाता में स्थित इस संस्थान में तीन वर्षीय पार्ट टाइम एमबीए (सांध्यकालीन) प्रोग्राम जादवपुर यूनिवर्सिटी के तहत चलाया जाता है। इसमें प्रवेश के लिए कैट, मैट या जीमैट (प. बंगाल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन द्वारा संचालित) का स्कोर मांगा जाता है। यह संस्थान नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशन, बंगाल द्वारा संचालित है।
एसआईईएस कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज : मुंबई में स्थित इस संस्थान में एमबीए के अलावा, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, एग्जीक्यूटिव एमबीए और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन फेमिली एंटरप्राइज कोर्स उपलब्ध है।
वेलिंगकर इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट डेवलॅपमेंट एंड रिसर्च : मांटुगा, मुंबई में स्थित इस संस्थान का एक और कैम्पस बेंगलुरु में है। यहां एआईसीटीई से मान्यताप्राप्त दो वर्षीय फुल टाइम पीजीडीएम, दो वर्षीय पीजीडीएमई-बिजनेस तथा पीजीडीएम रिटेल मैनेजमेंट कोर्स संचालित हैं। इन कोर्सो में प्रवेश कैट, एक्सएटी, एमएच-सीईटी या एटीएमए के अंकों के आधार पर पाया जा सकता है।
इंस्टीटयूट ऑफ बिजनेस स्टडीज एेंड रिसर्च : यह भी नवी मुंबई में स्थित है। यहां मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन यानी एमबीए के अलावा मास्टर ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस (एमआईबी) और बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) जैसे कोर्स संचालित हैं।
सिम्बॉयोसिस इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज : पुणे में स्थित इस बी-स्कूल में मार्केटिंग, फाइनैंस, ह्यूमन रिसोर्सेज आदि में पोस्ट ग्रेजुएट मैनेजमेंट कोर्स चलाया जाता है। यह संस्थान अपने कोर्सो में प्रवेश के लिए सिम्बॉयोसिस नेशनल एप्टीटयूड टेस्ट यानी स्ैप आयोजित करता है।
आईसीएफएआई नेशनल कॉलेज : इसका मुख्य सेंटर हैदराबाद में है, लेकिन देश भर में इसके 152 से अधिक केंद्र हैं। इसके अधिकतर केंद्रों पर दो वर्षीय फुल टाइम एमबीए कोर्स संचालित है। इसके अलावा, कुछ चुनिंदा केंद्रों पर पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स भी चलाया जाता है। तीन वर्षीय बीबीए प्रोग्राम भी उपलब्ध है। इसके द्वारा कॉरेस्पॉन्डेंस कोर्स भी चलाया जाता है।
जेवियर लेबर रिलेशंस इंस्टीटयूट (एक्सएलआरआई), जमशेदपुर : करीब 60 साल पुराना एक्सएलआरआई इंस्टीटयूट भारत के मशहूर मैनेजमेंट संस्थानों में से एक है। एक्सएलआरआई में प्रवेश प्रक्रिया जेट परीक्षा के माध्यम से होती है।
एसपी जैन इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, मुंबई : यह एक स्ववित्तपोषी संस्थान है। एसपी जैन में दाखिला कैट, जेट, जीमेट के स्कोर के आधार पर मिलता है। यह एसपी जैन की यूएसपी है कि इनमें से किसी के आधार पर भी कॉलेज में एडमिशन लिया जा सकता है।
मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीटयूट, एमडीआई, गुड़गांव : यह भारत के टॉप बिजनेस स्कूलों में से एक है। इसकी स्थापना 1973 में हुई थी और यह गुड़गांव के बीचोबीच स्थित है। कॉलेज अपने बेहतरीन छात्रों और अंतर्राष्ट्रीय करारों के लिए जाना जाता है।
फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एफएमएस), दिल्ली : यह दिल्ली विश्वविद्यालय का एक पार्ट है, जहां पर इकोनॉमिक्स, लॉ, समाजशास्त्र, कॉमर्स और ऑपरेशन रिसर्च के कुछ बेहतरीन विभाग हैं। अन्य विभागों के साथ करार होने की वजह से यह छात्रों को वृहद रूप में लाभ और गहरी समझ दे पाने में सक्षम होता है। एफएमएस की स्वयं की प्रवेश परीक्षा होती है।
इंडियन इंस्टीटयूट ऑफ फॉरेन ट्रेड, नयी दिल्ली और कोलकाता : इसकी स्थापना 1963 में सरकार द्वारा स्वायत्त संस्थान के तौर पर की गई थी। इसका मकसद यह है कि विदेशी व्यापार को प्रोफेशनल बनाया जाए और मानव संसाधन को बेहतर कर व्यापार को बढ़ाया जाए। आईआईएफटी की स्वयं की प्रवेश परीक्षा होती है।
इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी : इसकी शाखाएं गाजियाबाद, नागपुर और दुबई में हैं। पिछले 25 सालों में इसने खुद को तेजी से हो रहे परिवर्तनों के अनुरूप ढाला है। आईएमटी में दाखिला कैट द्वारा होता है।
लॉयला इंस्टीटयूट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एलआईबीए), चेन्नई : इसकी स्थापना 1979 में लायला कॉलेज सोसाइटी द्वारा की गई थी। यह देश का प्रतिष्ठित संस्थान है, जो अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता और वैल्यू आधारित शिक्षा के लिए जाना जाता है।
लॉयला इंस्टीटयूट के पार्ट टाइम और फुल टाइम प्रोग्राम एआईसीटीई द्वारा मान्यता प्राप्त हैं और इसका फुल टाइम प्रोग्राम एआईयू द्वारा प्रमाणित है। इसमें दाखिला जेट द्वारा होता है। अधिकतर छात्र एमबीए के लिए सिर्फ कैट परीक्षा पर ही ज्यादा ध्यान देते हैं, लेकिन कैट के अलावा भी बहुत सी ऐसी प्रवेश परीक्षाएं हैं, जिन पर छात्रों को खास ध्यान रखना चाहिए।
एक्सएलआरआई एडमिशन टैस्ट (जेट) : जेट परीक्षा छात्र को उसके एप्टीटयूड, अंग्रेजी ज्ञान और निबंध लेखन के आधार पर जांचती है। करीब 60 कॉलेज जेट का स्कोर स्वीकार करते हैं। इसमें से एक्सएलआरआई, एलआईबीए, एक्सआईएमबी, एसपी जैन आदि हैं।
सिंबायसिस नेशनल एप्टीटयूड टैस्ट (स्नैप) : सिंबायसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में स्नैप मान्य है। करीब 15 कॉलेज, जो कि सिंबायसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आते हैं, स्नैप स्कोर मानते हैं।
आईआईएफटी प्रवेश परीक्षा : इंडियन इंस्टीटयूट ऑफ फॉरेन ट्रेड आईआईएफटी परीक्षा, आईआईएफटी, दिल्ली और कोलकाता कैंपस के लिए आयोजित करता है। आईआईएफटी फॉरेन ट्रेड में कोर्स कराता है।
एफएमएस प्रवेश परीक्षा : फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज परीक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा अपने मैनेजमेंट कॉलेज एफएमएस में प्रवेश के लिए आयोजित करवाई जाती है।


Have your say!