17 हजार शिक्षकों की नियुक्ति शीघ्र
राज्य में 17 हजार प्राथमिक शिक्षकों और लगभग 4400 उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए शीघ्र ही विज्ञापन निकाला जायेगा। शिक्षकों की नियुक्ति परीक्षा झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) के माध्यम से होगी, इसके लिए जैक की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही है।
जैक की अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 17 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरा करने को कहा गया है। इसके अलावा 4400 उर्दू शिक्षकों की भी नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इन दिनों नियुक्ति परीक्षाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से अधियाजना भेजी जा चुकी है।
लक्ष्मी सिंह ने बताया कि चार महीने के अंदर इस परीक्षा को पूरा कर लिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों विधानसभा में भी राज्य सरकार की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी।
पहले शिक्षकों की नियुक्ति के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षा ली जाती थी, लेकिन आयोग में कर्मचारियों के अभाव के कारण राज्य सरकार ने पहले कर्मचारी चयन आयोग और बाद में जैक के माध्यम से नियुक्ति कराने का निर्णय लिया। इस प्रस्ताव को कैबिनेट से भी मंजुरी मिल चुकी है।


