जापान के लोगों के समर्पण व साहस से सीख लें : राज्यपाल
राज्यपाल एमओएच फारूक ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा के समय जापान के लोगों का साहस, कठिन कार्य को जारी रखने का संकल्प, समर्पण, राष्ट्रीय गौरव और उनकी एकजुटता से हमें सीखने की आवश्यकता है। पूरे विश्व समुदाय से जापान के लोगों के प्रति भूकंप, सुनामी और परमाणु विकिरण जैसे इन आपदाओं में एकजुटता और सहानुभूति का आह्वान उन्होंने किया।
राज्यपाल एक्सआईएसएस के 50वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आज दीक्षांत भाषण दे रहे थे। समारोह में स्नातकोत्तर कोर्सों के 330 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गयी। समारोह में राज्यपाल ने टॉपरों को स्वर्ण पदक प्रदान किये। उन्होंने कहा कि हमारी विरासत, संस्कृति और सभ्यता हमारे लिए राष्ट्रीय गौरव है। आज झारखंड और साथ ही साथ देश के समक्ष उचित और समान उपयोग की चुनौती है, ताकि राष्ट्र के सम्पूर्ण विकास के लिए समाज के सभी वर्गों के लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में सरकार, निजी क्षेत्र के उद्योगों और समाज के लोगों को कार्य करने चाहिए।
इससे पहले एक्सआईएसएस के निदेशक डा. एलेक्स एक्का ने संस्थान में संचालित कोर्सों, शोध, प्रकाशन, प्रबंधन विकास कार्यक्रम, प्लेसमेंट, भावी योजनाओं सहित अन्य गतिविधि पर प्रकाश डाला। एक्सआईएसएस के नये अध्यक्ष जेवियर सोरेंग ने छात्रों को आह्वान किया कि वे देश व समाज की बेहतरी के लिए कार्य करें।
गरीबों को उनका हिस्सा लौटायें : प्रतिकुलपति
रांची विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. वीपी शरण ने विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यार्थियों से कहा कि वे गरीबों के लिए कार्य करें। विद्यार्थियों की यह जिम्मेवारी है कि वे गरीबों को शिक्षित और सशक्त बनायें। झारखंड में ऐसे गरीबों का बड़ा समूह है जो शिक्षित नहीं हैं और मतदाता हैं। अगर इन्हें शिक्षित और सशक्त बनाने में सफल हुए तो हम जवाबदेह सरकार की आशा कर सकते हैं। आप स्वयं में यह महसूस करेंगे कि वास्तविक भारत जो कि झोपड़ियों में रहता है, वह अपने पुरुषत्व और अपनी पहचान को भूल चुका है। वे सोचते हैं कि उनका जन्म उनलोगों के पैरों तले हुआ है, जिनकी जेब में काफी अधिक पैसे हैं। हमारी जिम्मेवारी है कि ऐसे लोगों को उनका हिस्सा लौटाएं और पहचान दिलाएं। उन्हें शिक्षित करें, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें।
टॉपरों को स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एमओएच फारूक ने स्वर्ण पदक प्रदान कर पीजी कोर्स इन पर्सनल मैनेजमेंट की टॉपर एडना मिश्रा, रूलर डेवलपमेंट की सुरूचि, इनफार्मेशन मैनेजमेंट के अंकुश विजय, मैनजमेंट मार्केटिंग के अजय सिंह, मैनेजमेंट फाइनेंस की जया त्रिपाठी इत्यादि को सम्मानित किया। एसटी व एससी वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए नेहा सुरूचि लकड़ा व नेवेला जॉनी मुर्मू भी स्वर्ण पदक से सम्मानित हुए। नेहा वर्मा व एनी एम चुम्मर को रजत पदक दिये गये।


