
नहीं रहे दिग्गज अभिनेता विनोद कुमार, कैंसर से हारी जंग
| | 27 April 2017 9:27 AM GMT
मुंबई (एजेंसियां) : लंबे समय से बीमार चल रहे 70 साल के दिग्गज अभिनेता और भाजपा सांसद विनोद खन्ना का...
मुंबई (एजेंसियां) : लंबे समय से बीमार चल रहे 70 साल के दिग्गज अभिनेता और भाजपा सांसद विनोद खन्ना का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीते दिनों उनकी एक तस्वीर भी सामने आई थी जिसमें वह काफी कमजोर नजर आ रहे थे। गुरुवार को वर्ली श्मशान में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी शव यात्रा में बॉलीबुड के जाने माने कलाकारों सहित नामचीन हस्तियों ने हिस्सा लिया। जानकारी के मुताबिक विनोद खन्ना का निधन ब्लैडर कैंसर की वजह से हुआ, जो कैंसर का ही एक रूप है। विनोद खन्ना के सबसे छोटे बेटे साक्षी खन्ना ने उन्हें मुखाग्नि दी। वैसे रिवाज के हिसाब से बड़ा बेटा मुखाग्नि देता है, लेकिन विनोद खन्ना के सबसे छोटे बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना और राहुल खन्ना भी वहां मौजूद थे। विनोद खन्ना की अंतिम यात्रा में बिग बी अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, सलीम खान, सुभाष घई जैसे स्टार्स वहां मौजूद थे।
खन्ना को बीते 31 मार्च को मुंबई स्थित सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अस्पताल की ओर से यही कहा गया था कि खन्ना के शरीर में पानी की कमी हो गयी है। विनोद खन्ना के दो बेटे अक्षय खन्ना और राहुल खन्ना हैं, जो बॉलिवुड में सक्रिय हैं।
श्री खन्ना ने अभिनय की शुरुआत 1968 में फिल्म 'मन का मीत' से की। उन्होंने इसके साथ ही 'मेरे अपने', 'मेरा गांव मेरा देश', 'इम्तिहान', 'इनकार', 'अमर अकबर एंथनी', 'लहू के दो रंग', 'कुर्बानी', 'दयावान' और 'जुर्म' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है। वह आखिरी बार 2015 में शाहरुख खान की फिल्म 'दिलवाले' में नजर आए थे।
राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत विभिन्न राजनेताओं ने मशहूर फिन्म अभिनेता एवं सांसद विनोद खन्ना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए गुरूवार को कहा कि उनके निधन से देश ने एक निष्ठावान नेता और कुशल कलाकार खो दिया है। श्री मुखर्जी ने दिवंगत सांसद एवं अभिनेता के पुत्र राहुल खन्ना को भेजे शोक संदेश में कहा कि मुझे आपके पिता श्री विनोद खन्ना के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ है। उन्होंने श्री खन्ना को बहुमुखी व्यक्ति करार देते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय फिल्म जगत ने एक बेहद प्रतिभावान कलाकार खो दिया है। जन कल्याण के कार्यों में उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
श्री मोदी ने ट्वीटर पर लिखे अपने संदेश में कहा कि श्री खन्ना को हमेशा एक लोकप्रिय अभिनेता, समर्पित नेता और बेहतरीन इंसान के रूप में याद रखा जाएगा। श्री मोदी ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा, मैं खन्ना के असामयिक निधन से अत्यंत दुखी हूं। सौम्य और भावुक अभिनेता के रूप में विश्व भर में अपने प्रशंसकों का मन मोहने वाले श्री खन्ना एक वरिष्ठ और निष्ठावान राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ एक प्रतिभाशाली अभिनेता भी थे। श्रीमती महाजन ने कहा कि श्री खन्ना ने केन्द्रीय मंत्री तथा सोलहवीं लोकसभा सहित चार बार सांसद के रूप में देश की सेवा की। उनके निधन से देश ने एक योग्य नेता और प्रतिभाशाली अभिनेता खो दिया है। उन्हें एक ऐसे सज्जन व्यक्ति के रूप में याद रखा जाएगा जिनके चेहरे पर सदैव मुस्कान रहती थी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने श्री खन्ना को करिश्माई व्यक्तित्व का धनी बताया। उन्होंने कहा कि वह नैसर्गिक अभिनेता थे और उन्होेंने लंबे समय तक रजतपट पर करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ।