रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : जिले के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। दरबार में शहर और गांव से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा, मईंया सम्मान योजना, पीएम विश्वकर्मा, भू-राजस्व, पेंशन और आवास जैसी समस्याएं डीसी के सामने रखीं। उपायुक्त ने सभी की बातें एक-एक कर सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया।
जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पीएम किसान योजना के लाभ, वृद्धा पेंशन और झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना से जुड़ी शिकायतों का संबंधित विभाग के अधिकारियों ने तुरंत समाधान किया। कई लाभुकों की पेंशन/किसान योजना की अटकी राशि भी तुरंत स्वीकृत करवाई गई।
डीसी ने मेधावी छात्रों को 'गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना' का लाभ दिलाने और कुआं मरम्मत जैसे स्थानीय मुद्दों को बीडीओ को 'ऑन द स्पॉट' निर्देश देकर निपटाने को कहा। कुआं मरम्मत के बाद रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को भेजने का आदेश दिया गया।
डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि हर 'बुधवार' को अपने-अपने प्रखंड सह अंचल कार्यालय में नियमित रूप से जनता दरबार लगाएं। इसका मकसद लोगों को डीसी ऑफिस के चक्कर से बचाकर स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का हल देना है।
उन्होंने अंचल अधिकारियों को कहा कि अंचल से जुड़े राजस्व/दाखिल-खारिज के काम तय समय सीमा में निपटाएं। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जनता दरबार में आए बाकी आवेदनों पर डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को भौतिक जांच कर जल्द निपटारा करने को कहा। सभी अधिकारियों को निर्देश मिला कि एक सप्ताह के अंदर की गई कार्रवाई की प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को भेजें, ताकि शिकायतों की मॉनिटरिंग हो सके।
डीसी सौरभ भुवानियां ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को प्रशासनिक असुविधा से बचाना है। जो भी शिकायत आएगी, उसकी जांच कराकर समय पर समाधान किया जाएगा।
मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी ओम प्रियदर्शी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।






