BREAKING NEWS

logo

किशुनपुर ओपी को पिकेट बनाए जाने पर फूटा गुस्सा, बाजार बंद कर लोगों ने जताया विरोध


पलामू:  जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत किशुनपुर ओपी को पिकेट में तब्दील किए जाने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। विरोध स्वरूप रविवार को स्थानीय व्यवसायियों व ग्रामीणों ने किशुनपुर बाजार बंद रखा और फैसले के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना है कि करीब आठ वर्षों तक ओपी रहने के बाद अचानक इसे पिकेट में बदलना समझ से परे है और इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी। 
स्थानीय लोगों के अनुसार किशुनपुर पहले उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र रहा है। वर्ष 2009 में यहां पुलिस पिकेट की स्थापना हुई थी और बाद में वर्ष 2018 में इसे ओपी का दर्जा मिला। ओपी बनने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई, व्यवसाय बढ़े और विकास को गति मिली। अब अचानक ओपी हटाकर पिकेट बनाए जाने से व्यवसायियों में भय और असंतोष व्याप्त है। 
व्यवसायियों का कहना है कि ओपी बनने के बाद वे देर रात तक दुकानें खोलकर सुरक्षित महसूस करते थे। अब उन्हें सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ने की आशंका है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर किस प्रशासनिक आधार पर ओपी को पिकेट में बदला गया और क्या इसके लिए कोई लिखित आदेश जारी हुआ है। 
इस मुद्दे को लेकर किशुनपुर देवी मंडप परिसर में व्यवसायियों और ग्रामीणों की बैठक भी हुई, जिसमें फैसले की निंदा करते हुए चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कई सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी और ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन से किशुनपुर को पुनः ओपी का दर्जा देने की मांग की है। 
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।