BREAKING NEWS

logo

आधी रात घर में घुसकर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : देवघर नगर थाना क्षेत्र के झौंसागढ़ी, बरगाछ के पास रहने वाली सुषमा देवी ने नगर थाना प्रभारी को आवेदन देकर आधी रात घर में घुसकर आगजनी और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने घटना की मोबाइल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है।

घटना के संबंध में सुषमा देवी, पति मनोज केसरी के अनुसार 08 जून की रात करीब 01 बजे वह और परिवार के लोग सो रहे थे। इसी दौरान विकास कुमार राजपूत, पिता-सुरेश राजपूत, स्थायी पता गंगा राम कॉलोनी, कच्ची फाटक, पानीपत, हरियाणा, वर्तमान पता खपरोडीह, गणेश ड्रायविलनर्स, थाना-रिखिया, देवघर अपने 02 अन्य सहयोगियों के साथ उनके घर पहुंचा।

आरोप है कि विकास ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सुषमा देवी ने विरोध किया तो उसे धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद पानी की बोतल में लाया गया पेट्रोल घर में छिड़ककर आग लगा दी गई। आगजनी में सुषमा देवी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

सुषमा देवी के हल्ला करने पर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को आता देख आरोपी और उसके साथी भाग गए। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि "अगर थाना-पुलिस को सूचना दी तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार के सभी सदस्यों को जान से मरवा देंगे या मारकर फेंक देंगे"।

इस संबंध में पीड़िता सुषमा देवी ने बताया कि 09 जून को देवघर नगर थाना में लिखित आवेदन देकर विकास कुमार राजपूत और उसके 02 अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि पूरी घटना की रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में है।

इस संबंध में नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है। रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।