17 दिनों से लापता युवक का नहीं मिला सुराग, परिजनों ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार
पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के चानकर कस्तूरी गांव निवासी 23 वर्षीय युवक रिकेश कुमार पिछले 17 दिनों से लापता बताया जा रहा है। युवक के अचानक गायब होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है और काफी तलाश के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, रिकेश कुमार 7 मई की सुबह करीब 8:30 बजे घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
लापता युवक के बड़े भाई ने 23 मई को हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर भाई की सकुशल बरामदगी की मांग की है। परिजनों का कहना है कि युवक का मोबाइल फोन घटना के बाद से लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई है।
परिवार के अनुसार, रिकेश का रंग सांवला है और उसकी लंबाई लगभग 5 फीट 6 इंच है। घर से निकलते समय उसने लाल रंग की चेकदार शर्ट, भूरे रंग की जींस और नेवी ब्लू रंग के जूते पहन रखे थे।
परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि युवक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत हुसैनाबाद थाना या परिवार को सूचित करें, ताकि युवक का जल्द पता लगाया जा सके।





