बकरीद पर्व को लेकर पांडू थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
पांडू :बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को पांडू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ने की।इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी तथा विभिन्न धर्मों के लोगों ने भाग लिया और पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।बैठक में उपस्थित लोगों से प्रशासन की ओर से अपील की गई कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों को साझा करने से बचें।थाना प्रभारी ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम,त्याग और भाईचारे का पर्व है।इसे सभी लोग मिलजुल कर मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा क्षेत्र में लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा।किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत थाना को सूचना देने की अपील की गई।बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सभी लोग सक्रिय सहयोग करेंगे।





