post authorSuper Admin 11/16/2023 5:04:51 PM (38) (3483)

भोपाल जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान सामग्री बांटी

Ranchi Express


भोपाल, 16 नवंबर  जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के सभी 2049 मतदान केंद्रों पर जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधानसभा चुनाव में 16 हजार अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। गुरुवार सुबह से लाल परेड मैदान पर मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण किया गया। दलों को मतदान सामग्री देकर केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया 17 नवंबर शुक्रवार सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगी।

70 काउंटरों से बांटी गई सामग्री

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा लाल परेड मैदान में मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित करने के लिए हरेक मतदान केंद्र के लिए अलग टेबल लगाई गई थी। जहां से कर्मचारियों को चेक कर मतदान सामग्री सौंपी गई। सामग्री वितरण के लिए 70 काउंटर बनाए गए थे। बैरसिया के लिए 9, भोपाल उत्तर के लिए 9, नरेला के लिए 11 , भोपाल दक्षिण पश्चिम के लिए 8 , भोपाल मध्य के लिए 8,गोविंदपुरा के लिए 13 और हुजूर के लिए 12 काउंटर बनाए गए थे। प्रत्येक काउंटर से एक बार में 14 कर्मचारियों को मतदान सामग्री दी गई। एक बार में 70 काउंटर से 980 अधिकारी कर्मचारियों को मतदान सामग्री बांटी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने लाल परेड मैदान पहुंचकर सामग्री वितरण की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने सामग्री वितरण स्थल का अवलोकन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर ने मतदान दलों के कर्मचारी अधिकारियो से कई मुद्दों पर चर्चा कर समझाइश भी दी।



500 बसों से केंद्रों पर पहुंचेंगे दल

जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के 2049 मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 16 हजार से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। 9200 की ड्यूटी मतदान के दिन रहेगी। इसके साथ ही हर सेक्टर अधिकारी के साथ दो अन्य कर्मचारी रहेंगे। इन सभी दलों को लाल परेड मैदान से 16 नवंबर शुक्रवार को 500 बसें मतदान केंद्र तक पहुंचाएंगी।

You might also like!

Leave a Comment