BREAKING NEWS

logo

कोयला तस्करी के सिंडिकेट पर कसता शिकंजा, झारखंड के कई ठिकानों पर कार्रवाई!


रांचीः शुक्रवार को झारखंड में कोयला तस्करों के बीच हड़कंप मच गया. जब जांच एजेंसी ईडी ने झारखंड और बंगाल में चल रहे कोयला तस्करी के सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई की.

ईडी की रांची और कोलकाता जोनल ऑफिस के द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई के तहत झारखंड में 18 और पश्चिम बंगाल में 24 ठिकानों पर कार्रवाई की गई. इस टीम ने धनबाद में बड़े कोयला कारोबारी, बीसीसीएल के आटसोर्सिंग के संचालक और उनके भाई, साथ में एक अन्य कारोबारी और दुमका में एक शख्स के यहां कार्रवाई हुई. जिसमें झारखंड और बंगाल से करोड़ों रुपये नकद के साथ-साथ कई डिजिटल एविडेन्स और करोड़ों के गहने बरामद किए गए हैं.

चार ईसीआईआर दर्ज कर शुरू हुई कार्रवाई

जांच एजेंसी ने कोयला और बालू तस्करी के अलग-अलग मामले में दर्ज पूर्व के कांडों को जोड़कर चार ईसीआईआर दर्ज किए गए हैं. इन चार ईसीआईआर में अलग-अलग आरोपी हैं. ईडी से मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति के घर से 80 लाख और दूसरे व्यक्ति के घर से 80 लाख से अधिक नकदी मिली है. रांची की जांच टीम ने कुल 2.20 करोड़ नकदी बरामद की है. सभी कोयला कारोबारियों के अकाउंटेंट व कर्मियों के घरों में भी छानबीन की जा रही है. झारखंड के अलावा बंगाल के दुर्गापुर, हावड़ा, कोलकाता और पुरुलिया में भी अलग-अलग कारोबारियों के घरों और दफ्तरों में जांच की जा रही है.

झारखंड के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में एक कोयला कारोबारी के घर से 21.5 लाख रुपये जब्त किए गए हैं. उसके घर से जमीन के 14 डीड भी मिले हैं. जांच टीम ने निरसा में कोयला कारोबारी रमेश गोप के घर भी कार्रवाई की. हालांकि घर पर रमेश गोप नहीं मिला.

पुलिस व सरकारी अफसरों के साथ चैट

इस कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी को झारखंड राज्य पुलिस के अफसरों और सरकारी पदाधिकारियों के साथ कोयला तस्करी के लिंक मिले हैं. सूचना के मुताबिक कई डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिससे बड़े पैमानें पर रोजाना हो रही कोयला तस्करी के साक्ष्य हैं, आने वाले दिनों में चैट से बड़ा खुलासा हो सकता है. जांच में यह बात भी सामने आयी है कि अमर मंडल के द्वारा जामताड़ा और दुमका में बालू सिंडिकेट के नाम पर वसूली की जाती थी, सिर्फ नाला इलाके से प्रतिदिन 200 ट्रकों से वसूली की बात सामने आयी है. अमर मंडल के करीबी प्रसेनजीत के यहां भी कार्रवाई हुई है.

एलबी सिंह के घर घुसने में करनी पड़ी मशक्कत

जांच टीम को सरायढेला राधा स्वामी मार्केट स्थित एलबी सिंह के घर में घुसने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. मुख्य गेट पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड ने जांच टीम को घर में प्रवेश करने से रोक दिया. जिसके बाद सरायढेला थाना से पुलिस बुलाई गयी. पुलिस के पहुंचने के बाद एलबी सिंह के घर व ऑफिस में पड़ताल शुरू हुई.

जांच टीम ने आउटसोर्सिंग कंपनी देव प्रभा के निदेशक एलबी सिंह के सरायढेला राधा स्वामी मार्केट के पीछे देव विला स्थित घर और दफ्तर में तलाशी ली. इसके अलावा उनके कुसुम विहार स्थित दूसरे घर, झरिया के शिमला बहाल स्थित पुराने घर और कुंभनाथ सिंह के रिश्तेदार मिथिलेश सिंह के घर पर भी कार्रवाई की. भूली ए ब्लॉक सन्नी केशरी के घर पहुंची जांच टीम ने उससे एनबी सिंह और अनिल गोयल के व्यवसाय के संबंध में जानकारी ली.

धनबाद के ट्रांसपोर्टर व हार्डकोक कारोबारी निशाने पर

संजय उद्योग के मालिक संजय खेमका के बेकारबांध ग्रेवाल कॉलोनी स्थित घर के साथ-साथ उनके सभी दफ्तर, पुराना बाजार डुमरियाटांड़ स्थित अनिल गोयल के घर व पुरुलिया स्थित उनके भट्ठा पर कार्रवाई हुई. इसके अलावा उनके एकाउंटेंट वाहिद के घर, जोड़ाफाटक शक्ति मंदिर रोड स्थित हार्डकोक भट्ठा के संचालक व रिजार्ट मालिक दीपक पोद्दार, बैंक मोड़ शांति भवन निवासी हार्डकोक भट्ठा संचालक गणेश अग्रवाल और हेमंत अग्रवाल और मैथन निवासी अरविंद सिंह का भी घर खंगाला जा रहा है. इसके अलावा दुमका के जामा थाना क्षेत्र के सेजाकोड़ा में जांच टीम ने अमर मंडल के घर पर भी कार्रवाई की है.