BREAKING NEWS

logo

फरीदाबाद : गुरु परंपरा की प्रेरणा समाज में एकता और सौहार्द का संदेश देती है : मनोहर लाल ‘हिंद की चादर’ तीसरी यात्रा का फरीदाबाद से शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री हुए शामिल



फरीदाबाद,। नौवीं पातशाही श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी, भाई सती दास, भाई मती दास और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित हरियाणा में आयोजित तीसरी ‘हिंद की चादर’ यात्रा शुक्रवार को सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा साहिब से आरंभ हुई। इस यात्रा का आयोजन हरियाणा सरकार व हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास मंत्री मनोहर लाल विशेष

 रूप से शामिल हुए। उनके साथ हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बडख़ल विधायक धनेश अदलखा, मेयर प्रवीण जोशी, हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान स, जगदीश सिंह झिंडा, हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के फरीदाबाद पलवल नूंह से सदस्य स. रविन्द्र सिंह राणा और भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल भी उपस्थित रहे। मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 10-11 वर्षों में समाज के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहलें लागू की हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रयास का एक महत्वपूर्ण भाग 

‘संत महापुरुष विचार प्रचार योजना’ है, जिसका उद्देश्य विभिन्न समुदायों के संतों, महापुरुषों और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की शिक्षाओं एवं आदर्शों को आने वाली पीढिय़ों तक पहुँचाना है, ताकि समाज में सद्भाव, प्रेरणा और सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन हो सके। केंद्रीय मनोहर लाल ने कहा कि भारत की सामाजिक संरचना विविधता से परिपूर्ण है, जहां विभिन्न वर्ग, समुदाय और परंपराएं मिलकर एक सशक्त और समरस सामाजिक ताना-बाना बनाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाज अपने संतों और गुरुओं को विशेष सम्मान देता है, और उनके विचार समय के साथ समाज के लिए और भी अधिक प्रेरणादायी बनते जाते हैं।

 ऐसे में भाईचारे, एकता, सौहार्द तथा प्रकृति के साथ समरसता का संदेश समाज के हर व्यक्ति तक पहुँचना आवश्यक है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए राज्य में गुरु परंपरा के पवित्र दिवसों को स्मरण कराने हेतु चार ‘दर्शन यात्राओं’ का आयोजन किया गया है। आज फरीदाबाद से तीसरी यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ, जो 25 नवंबर तक विभिन्न स्थानों से होती हुई कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। वहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से एक विशाल समागम आयोजित किया जाएगा। मनोहर लाल ने कहा कि यह आयोजन सभी संप्रदायों एवं समाजों की व्यापक भागीदारी और एकता का प्रतीक है।केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 

ने संगत से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में दर्शन यात्रा में शामिल हों और 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में अपनी पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, भाजपा राष्ट्रीय परिषद् के सदस्य संदीप जोशी, मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ, हरियाणा सिख प्रबंधन कमेटी के प्रधान करनैल सिंह, सदस्य सरदार रविन्द्र सिंह राणा, गुरुद्वारा सिंह सभा साहिब प्रधान राणा कौर भट्टी सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।