खाकी पर लगा दाग: फिरौती के आरोप में पकरीबरावाँ उत्पाद थाना के दो ASI और दो होमगार्ड गिरफ्तार
मुकेश कुमार/ब्यूरो चीफ
पटना/बिहार।कानून के रखवाले ही जब भक्षक बन जाएं,तो आम जनता न्याय की गुहार किसके पास लगाए?ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला जमुई और नवादा जिले के बीच सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को अगवा कर फिरौती मांगने के आरोप में पकरीबरावाँ उत्पाद थाना के दो सहायक अवर निरीक्षक(ASI)और दो होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी ASI के घर से फिरौती की रकम भी बरामद कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार,जमुई थाना क्षेत्र के ग्राम नर्वदा निवासी पिंटू कुमार(पिता जगदीश यादव)ने जमुई टाउन थाना में एक लिखित आवेदन देकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।पिंटू ने बताया कि उनके बड़े भाई संतोष कुमार 23 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:00 बजे अपनी क्रेटा गाड़ी से घर से निकले थे,लेकिन वापस नहीं लौटे।
शाम करीब 7:30 बजे संतोष ने अपने मोबाइल से पिंटू को फोन किया और बदहवास होकर बताया कि उनका अपहरण कर लिया गया है।अपहरणकर्ताओं ने उन्हें छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी और पैसे लेकर नवादा आने को कहा।
रुपये देते ही हुआ खुलासा
सूचना मिलते ही सूचक पिंटू कुमार अपने साले राहुल और चचेरे भाई मनीष के साथ 2 लाख रुपये लेकर नवादा पहुंचे। अपहरणकर्ताओं के निर्देशानुसार,पकरीबरावाँ उत्पाद थाना में क्रेटा गाड़ी छोड़ने के एवज में 1.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया।इस सनसनीखेज मामले की जानकारी जमुई पुलिस को दी गई,जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई पुलिस ने जब जांच शुरू की,तो इस कांड में पकरीबरावाँ उत्पाद थाना के पुलिसकर्मियों की सीधी संलिप्तता पाई गई।पुलिस ने दबिश देकर दो सहायक अवर निरीक्षक और दो होमगार्ड को धर दबोचा।
पुलिस ने मुख्य आरोपी ASI दिलीप कुमार के घर पर छापेमारी कर फिरौती के रूप में लिए गए 1.50 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।साथ ही,जमुई पुलिस ने अपहृत संतोष कुमार की क्रेटा कार को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है।
कांड संख्या और धाराएं
जमुई पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 193/2026 दर्ज किया है।अभियुक्तों के खिलाफ धारा 140(2)(अपहरण एवं फिरौती)के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और दोषी पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की तलवार भी लटक रही है।इस आशय की जानकारी जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने दी हैं, जिन्होंने उक्त मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई की।
मुख्य बिंदु:
घटना की तिथि: 23.04.2026
गिरफ्तार: 02 ASI(उत्पाद विभाग)और 02 होमगार्ड।
बरामदगी: ₹1,50,000/-नगद और क्रेटा कार।





