मधेपुरा मधेपुरा जिला मुख्यालय स्थित रजिस्ट्री कचहरी परिसर में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भीड़ ने एक संदिग्ध युवक को पॉकेटमारी के आरोप में रंगे हाथों पकड़ लिया। देखते ही देखते गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया।
कचहरी परिसर में पिछले कई दिनों से जेबतराशी और चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थीं। आम लोगों में नाराजगी थी कि शिकायतों के बावजूद पुलिस किसी को पकड़ नहीं पा रही थी लेकिन इस बार लोगों ने खुद ही जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा।
“चोरी नहीं, सिर्फ पॉकेटमारी करते हैं…”
पकड़ा गया युवक संजय दास है, जो उड़किशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के रोशना गांव का निवासी बताया जा रहा है।
भीड़ के बीच पकड़े जाने के बाद उसने सफाई देते हुए कहा,
“हम मोबाइल चोरी नहीं करते हैं, सिर्फ पॉकेटमारी करते हैं… आज कुछ हुआ भी नहीं, फिर भी पकड़ लिए गए।”
उसका यह बयान सुनकर मौके पर मौजूद लोग और भड़क गए। लोगों का कहना था कि चाहे जेबतराशी हो या चोरी—अपराध तो अपराध ही है।
पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि रजिस्ट्री कचहरी जैसे भीड़भाड़ वाले सरकारी परिसर में पुलिस की नियमित गश्ती और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।






