जमुई में पुलिस का कड़ा रुख,कचहरी चौक पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान,ट्रिपल राइडिंग और कागजातों की हुई जांच
राकेश कुमार सिंह,रांची एक्सप्रेस
जमुई(बिहार)।शहर में अपराध नियंत्रण,यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में जमुई शहर के व्यस्ततम कचहरी चौक के समीप पुलिस द्वारा एक व्यापक एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस बल ने दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की गहन जांच की।इस दौरान विशेष रूप से ट्रिपल लोडिंग(तीन सवारी),बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट,और वाहनों के वैध कागजातों (ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण,बीमा आदि)की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा,समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवांछित/ असमाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए वाहनों की तलाशी भी ली गई।जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला गया।पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है।पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें,वैध दस्तावेज साथ रखें और सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज न करें। पुलिस का कहना है कि शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर आगे भी इस तरह का चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।






