शिव मंदिर आरती करने जा रही पूर्व मुखिया को सांप ने डंसा
• सदर अस्पताल में तोड़ा दम
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत चकरमा गांव की पूर्व मुखिया पूजा देवी (36) की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उन्होंने देवघर सदर अस्पताल में अंतिम सांस ली।
घटना के बाद गांव व पंचायत सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक दिन की तरह गुरुवार शाम पूजा देवी अपने घर से मोहनपुर स्थित शिव मंदिर आरती करने के लिए जा रही थीं। तभी रास्ते में उन्हें एक जहरीले सांप ने डंस लिया, जिसके कारण वे वहीं मूर्छित होकर गिर पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में दुबे बाबा मंदिर ले गए, जहां झाड़-फूंक के बाद स्थिति गंभीर देख देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति गंगाधर राजक सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी बबलू दास, झुंझुन झा, चुनमुन राज सहित कई ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया। ग्रामीणों ने पूजा देवी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।



.jpeg)


