BREAKING NEWS

logo

फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग पर कांग्रेस-सपा का प्रदर्शन, जौनपुर में डीएम कार्यालय का घेराव


जौनपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर सोमवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने भारत निर्वाचन आयोग को संबोधित शिकायती ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

घेराव के दौरान कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और लोकतंत्र पर हमला करने का आरोप लगाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने चेतावनी दी कि यदि फॉर्म-7 के जरिए कथित “वोट चोरी” पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन को सड़क से संसद तक ले जाया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामसभाओं के बूथों से बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरकर जीवित और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने फॉर्म-7 भरवाने में शामिल कथित भाजपा एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।