जन समाधान दिवस में छात्राओं की समस्या पर उपायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान
प्रत्येक बुधवार की भांति समाहरणालय सभागार में आयोजित जन समाधान दिवस में इस बार पाटन प्रखंड के किसैनी ग्राम से पहुंची कक्षा 10 की छात्राओं ने अपनी समस्या उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष रखी।
छात्राओं ने बताया कि वे प्रतिदिन साइकिल से विद्यालय जाती हैं। बारिश के कारण विद्यालय जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और कई बार उन्हें चोट भी लग चुकी है। छात्राओं ने बताया कि उनकी सुरक्षा को लेकर अब अभिभावक उन्हें विद्यालय भेजने से भी हिचक रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि वे कक्षा 10 की छात्राएं हैं और पढ़ाई में होने वाली यह बाधा आगामी बोर्ड परीक्षा के परिणाम को प्रभावित कर सकती है।
छात्राओं की बात सुनकर उपायुक्त ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि सड़क का स्थायी निर्माण एक लंबी प्रक्रिया है और इसे तुरंत पूरा कर पाना संभव नहीं है, लेकिन फिलहाल सड़क को आवागमन योग्य बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा सकती है।
उपायुक्त श्री शेखावत ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल सड़क पर डस्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्री डालकर सड़क को चलने योग्य बनाने का निर्देश दिया, ताकि छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में परेशानी न हो और उनकी पढ़ाई बाधित न हो।
उपरोक्त के अतिरिक्त जन समाधन दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद,सार्वजनिक रास्ता रोकने,अयोग्य लाभुकों को पीएम आवास दिये जाने,दाखिल खारिज,राजस्व,स्वास्थ्य विभाग,आपूर्ति,पेयजल, शिक्षा,कल्याण विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त किये गये।





