खबर का असर: छह महीने से खराब चापाकल 24 घंटे में हुआ दुरुस्त, ग्रामीणों को मिली राहत
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गांवा। प्रखंड क्षेत्र के अमतरों पंचायत के अहराय गांव स्थित अम्बाटांड़ में करीब छह महीने से खराब पड़े चापाकल की खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और महज 24 घंटे के भीतर चापाकल को दुरुस्त करा दिया गया। चापाकल चालू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि चापाकल खराब रहने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर तत्काल मरम्मत कराने की पहल की।
विभागीय स्तर पर कार्रवाई के बाद चापाकल को दुरुस्त कर दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने समस्या के त्वरित समाधान पर राहत जताई और पहल के लिए बीस सूत्री अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
वहीं, बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने संबंधित विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही एवं अनियमितता की जांच होनी चाहिए। जांच के बाद कई ऐसे मामले सामने आ सकते हैं, जिनसे विभागीय व्यवस्था की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और जनहित के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित मामलों को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में भी लाया जाएगा।





