छतरपुर : प्रखंड क्षेत्र के मड़वा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मड़वा निवासी कुंदन सिंह की 20 वर्षीय पत्नी चंचल सिंह की अचानक मौत हो गई। मृतका का एक 8 माह का मासूम बच्चा भी है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
मृतका की मां मीना देवी, पति अरुण कुमार सिंह, ग्राम कोसडीहरा, जिला रोहतास (बिहार) की निवासी हैं। उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 में अपनी पुत्री की शादी हिंदू रीति-रिवाज एवं दान-दहेज के साथ कुंदन सिंह से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। मृतका ने कई बार इसकी शिकायत अपने मायके में की थी।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से मृतका का पति फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।





