BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

7वें दीक्षांत समारोह-2026 की तैयारियों की समीक्षा, विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी हुई चर्चा


चाईबासा, 9 सितंबर 2026: कोल्हान विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने की।
बैठक में कुलपति ने दीक्षांत समारोह से संबंधित विभिन्न समितियों के संयोजकों एवं सह-संयोजकों से तैयारियों एवं अब तक की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई तथा सभी पात्र विद्यार्थियों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान महाविद्यालयों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इनमें महाविद्यालय भवनों की मरम्मत, प्रायोगिक परीक्षाओं से संबंधित बाह्य परीक्षकों के लंबित बिलों का भुगतान, इंटरनेट एवं विद्युत संबंधी समस्याओं सहित अन्य प्रासंगिक मुद्दे शामिल थे। कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों से जुड़े विभिन्न कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने तथा 7वें दीक्षांत समारोह-2026 को सफलतापूर्वक आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया।