BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

तमिलनाडुः पदयात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसी कार, 4 महिलाओं की मौके पर मौत



पेरंबलूर:  तमिलनाडु के कडलूर जिले के तिट्टाकुडी के पास पदयात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसी बेकाबू कार ने कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया जिसमें 4 महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कारचालक को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कडलूर जिले के तिट्टाकुडी के पास स्थित एक गांव से 65 से अधिक श्रद्धालु पारंपरिक रूप से समायपुरम मंदिर की पदयात्रा पर निकले थे। 


सलेम जिले के गेंगावल्ली क्षेत्र से निकले ये श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए आज सुबह लगभग 5 बजे पेरंबलूर जिले के सिरुवाचूर के पास त्रिची–चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर समायपुरम की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान चेन्नई से त्रिची की ओर जा रही एक बेकाबू कार पदयात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गई और कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कडलूर जिले के पेननदम के पास स्थित तोझरकुडिकाडु गांव निवासी मलर्क्कोडी, विजयलक्ष्मी, ससिकला तथा सलेम जिले के गेंगावल्ली की रहने वाली चित्रा सहित 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। 

वहीं, तोझरकुडिकाडु गांव की ज्योतिलक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका पेरंबलूर सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के संबंध में पेरंबलूर शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना करने वाले कार चालक, चेन्नई के त्रिसूलम, ईश्वरन कोयिल स्ट्रीट निवासी गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।