BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

आत्महत्या को समझना: हमारे भीतर क्या आकार लेता है


डॉ. हर्षिता बिस्वास

क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट

मनोचिकित्सा विभाग

टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर

आत्महत्या आज के समय की सबसे गंभीर जन-स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं में से एक है। दुनियाभर में हर वर्ष 7 लाख से अधिक लोग आत्महत्या के कारण अपनी जान गंवाते हैं। भारत में, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के अनुसार, वर्ष 2024 में यह संख्या 1.7 लाख को पार कर गई। टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में हर वर्ष लगभग 100–120 मरीज आत्महत्या के प्रयास में बचने के बाद मनोचिकित्सा विभाग में परामर्श के लिए आते हैं। इन आँकड़ों को केवल संख्याओं के रूप में देख पाना कठिन है। इनमें से हर संख्या के पीछे एक व्यक्ति, एक परिवार और वह पल है, जब जीवन असहनीय रूप से कठिन हो गया था।

लेकिन आखिर एक व्यक्ति उस मोड़ तक कैसे पहुँचता है?

इसका शायद ही कभी कोई एक कारण होता है। रिश्तों में तनाव, आर्थिक परेशानियाँ, पढ़ाई या काम का दबाव, बीमारी, किसी प्रियजन को खोना, अकेलापन, पारिवारिक संघर्ष, नशे की लत और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ—इनमें से कई कारक मिलकर व्यक्ति की स्थिति को कठिन बना सकते हैं। लेकिन कोई एक तनावपूर्ण घटना अक्सर केवल उस बड़ी और जटिल तस्वीर का दिखाई देने वाला हिस्सा होती है, जो भीतर लंबे समय से बन रही होती है। समय के साथ कई छोटी-बड़ी परेशानियाँ एक-दूसरे पर जुड़ती जाती हैं और धीरे-धीरे व्यक्ति की उनसे निपटने की क्षमता को कमजोर कर सकती हैं।

यही बात आत्महत्या को एक बेहद जटिल समस्या बनाती है। इसका कोई एक कारण नहीं है और इसलिए इसका कोई एक समाधान भी नहीं हो सकता। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से समय पर सहायता लेना, सही समय पर हस्तक्षेप, परिवार और कार्यस्थल का सहयोगी माहौल तथा मदद लेने से जुड़े झिझक को कम करना—ये सभी आत्महत्या की रोकथाम के लिए बेहद जरूरी हैं। लेकिन शायद रोकथाम की शुरुआत इससे भी बहुत पहले होनी चाहिए—सिर्फ तब नहीं, जब कोई व्यक्ति संकट की स्थिति में पहुँच जाए, बल्कि उस तरीके से भी, जिससे हम जीवन की रोज़मर्रा की कठिनाइयों का सामना करना और उनके साथ जीना सीखते हैं। यहीं से हमें ‘वेलनेस’ यानी समग्र कल्याण की ओर देखने की जरूरत महसूस होती है।

वेलनेस

हम अक्सर स्वास्थ्य को ऐसी चीज़ मानते हैं, जिस पर ध्यान हमें तभी देना चाहिए, जब हम बीमार पड़ें। लेकिन मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण पर भी पहले से उतना ही ध्यान देना जरूरी है। इसका अर्थ है यह समझना कि कौन-सी परिस्थितियाँ हमें तनाव और दबाव में डालती हैं, अपनी भावनाओं को पहचानना, तनाव से निपटने के स्वस्थ तरीके विकसित करना और ऐसे लोगों का साथ होना, जिनसे हम मुश्किल समय में खुलकर बात कर सकें और मदद ले सकें।

इसका अर्थ यह भी है कि हम अपने आत्म-मूल्य को किसी एक चीज़ से न जोड़ें—चाहे वह कोई रिश्ता हो, नौकरी, परीक्षा, उपलब्धि या सफलता की कोई खास परिभाषा। जिस जीवन में अर्थ और संतुष्टि के कई स्रोत होते हैं, वहाँ किसी एक हिस्से में मुश्किल आने पर हमारे पास संभलने और आगे बढ़ने के लिए दूसरे सहारे भी होते हैं। किसी के लिए परिवार और रिश्ते जीवन को अर्थ दे सकते हैं, तो किसी के लिए काम, रचनात्मकता, सीखना, प्रकृति, दूसरों की सेवा या आध्यात्मिकता। आस्था, प्रार्थना या स्वयं से परे किसी बड़ी शक्ति का एहसास भी कठिन समय में चीज़ों को एक व्यापक दृष्टिकोण से देखने में मदद कर सकता है। हालांकि, जब जरूरत हो, तो यह पेशेवर मानसिक स्वास्थ्य सहायता का विकल्प नहीं है।


इस प्रक्रिया का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा है—स्वीकार करना। इसका अर्थ यह नहीं है कि हम हर चीज़ को अच्छा या सही मान लें। इसका अर्थ है यह समझना कि असफलता, किसी को खोना, अस्वीकार किया जाना और अनिश्चितता—ये सभी जीवन का हिस्सा हैं। और ऐसी परिस्थितियों में इस बात पर अटके रहने के बजाय कि जो हो चुका है उसे बदला नहीं जा सकता, हमें खुद से पूछना चाहिए—“अब मैं क्या कर सकता/सकती हूँ?”

और फिर आता है कृतज्ञता का भाव—इसका अर्थ यह दिखावा करना नहीं है कि सब कुछ ठीक है, बल्कि यह महसूस करना है कि कठिन जीवन में भी कुछ ऐसे पल होते हैं, जिन्हें संजोकर रखा जा सकता है। किसी दोस्त का फोन करना, साथ बैठकर खाना खाना, अपना पसंदीदा गीत सुनना, बच्चे की हँसी या बस एक सुकून भरी सुबह।

शायद इससे हमें सबसे बड़ी सीख यही मिलती है कि मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण छोटे-छोटे, निरंतर किए जाने वाले प्रयासों से विकसित होते हैं।

हम हर दिन क्या कर सकते हैं?

खुद से संवाद करें।
दिन में एक बार खुद से पूछें—मैं कैसा महसूस कर रहा/रही हूँ? तनाव बहुत अधिक बढ़ जाने का इंतज़ार न करें।

अपने तनाव को पहचानें।
“सब कुछ बहुत ज़्यादा हो गया है” ऐसा सोचने के बजाय यह पहचानने की कोशिश करें कि वास्तव में आपको क्या परेशान कर रहा है—काम, पैसे, रिश्ते, नींद या कुछ और। किसी समस्या को स्पष्ट रूप से पहचान लेने पर उसका समाधान ढूँढ़ना आसान हो जाता है।

हालात बिगड़ने से पहले बात करें।
कम-से-कम एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में रहें, जिससे आप अपने मन की बात खुलकर साझा कर सकें। समय रहते मदद माँगना, संकट की स्थिति में मदद माँगने की तुलना में कहीं आसान होता है।

बुनियादी जरूरतों का ध्यान रखें।
नियमित नींद, शारीरिक गतिविधि, पौष्टिक भोजन और बीच-बीच में पर्याप्त आराम कोई विलासिता नहीं हैं। ये सभी तनाव से निपटने और खुद को संभालने की हमारी क्षमता को प्रभावित करते हैं।

किसी एक असफलता को अपनी पूरी पहचान न बनने दें।
परीक्षा में असफल होना, नौकरी चले जाना या रिश्ता टूट जाना—ये आपके जीवन में हुई घटनाएँ हैं, आपकी पूरी पहचान नहीं।

जीवन में किसी सार्थक चीज़ के लिए जगह बनाएँ।
हर सप्ताह कुछ समय ऐसी गतिविधि के लिए निकालें, जो काम और जिम्मेदारियों से परे आपको जीवन में उद्देश्य, संतुष्टि या खुशी का एहसास दे।

छोटी-छोटी बातों के लिए कृतज्ञता का अभ्यास करें।
सोने से पहले दिन की किसी एक ऐसी बात के बारे में सोचें, जिसे आप दोबारा अनुभव करना चाहेंगे।

जानें कि पेशेवर मदद कब लेनी चाहिए।
लगातार निराशा या निराशाजनक भावनाएँ, लोगों से दूरी बनाना, अत्यधिक मानसिक परेशानी या आत्महत्या के विचार—इनसे अकेले जूझने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। ऐसी स्थिति में समय रहते मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मदद लेना जरूरी है।

 पेशेवर मदद कब लें

अगर उदासी, चिंता, निराशा या तनाव का असर रोज़मर्रा की जिंदगी, रिश्तों, नींद या काम पर पड़ने लगे, तो यह पेशेवर मदद लेने का समय है।

मृत्यु, खुद को नुकसान पहुँचाने या आत्महत्या से जुड़े विचारों को हमेशा गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसी स्थिति से अकेले नहीं जूझना चाहिए। समय रहते मदद के लिए आगे आना बहुत बड़ा बदलाव ला सकता है।

हम जीवन की हर चुनौती को खत्म नहीं कर सकते और न ही वेलनेस हर संकट को रोक सकती है। लेकिन सार्थक रिश्ते, तनाव और कठिन परिस्थितियों से निपटने के स्वस्थ तरीके, जीवन में उद्देश्य और एक व्यापक दृष्टिकोण विकसित करके हम अपने भीतर की ताकत को जरूर बढ़ा सकते हैं।

वास्तविक मानसिक दृढ़ता का अर्थ यह नहीं है कि हमें जीवन में कभी संघर्ष या कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। इसका अर्थ है यह विश्वास बनाए रखना कि जब जीवन का कोई एक हिस्सा बिखर जाता है, तब भी पूरी जिंदगी बिखर नहीं जाती।