BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

संभल में चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में ग्राम प्रधान की सास की गोली लगने से मौत



संभल:  उत्तर प्रदेश में जनपद संभल के बबराला थाना क्षेत्र स्थित पहलवाड़ा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में ग्राम प्रधान की सास की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। जनपद संभल के बबराला थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पहलवाड़ा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर पवन और सुभाष के पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। पहलवाड़ा गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर हुई इस फायरिंग में ग्राम प्रधान की सास व राशन डीलर प्रेमवती (52) को गोली लग गयी। इससे उनकी जान चली गई।



वहीं दूसरे पक्ष का एक युवक भी घायल हुआ है। फायरिंग में सुभाष पक्ष के देवेश नामक युवक के कान में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, सुभाष इस बार प्रधान पद के चुनाव की तैयारी कर रहा था। गांव में पिछले चार महीने से लगातार झगड़े की घटनाएं सामने आ रही थीं।गत दिसंबर में भी एक बार विवाद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गुन्नौर सीओ आलोक सिद्धू और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी गांव पहुंचे। 


गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना पुलिस के अलावा सर्विलांस और एसओजी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक संभल कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में राशन डीलर प्रेमवती की मौत हुई है। दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।