असम, संतोष ट्रॉफी 2025-26 के सेमीफाइनल में केरल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब को 4-0 से करारी शिकस्त दी और फाइनल में जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला गुरुवार को असम के धकुआखाना फुटबॉल स्टेडियम में खेला गया। अब संतोष ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला केरल और सर्विसेज के बीच खेला जाएगा, जिसमें दोनों टीमें खिताब के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी।
केरल की जीत के नायक मुहम्मद रियास पीटी रहे, जिन्होंने मुकाबले के दोनों हाफ में एक-एक गोल दागा। उनके अलावा मुहम्मद अजसल और विकनेश एम ने भी एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की। पूरे मैच में केरल का दबदबा साफ नजर आया और पंजाब की टीम को वापसी का कोई मौका नहीं मिला। इस जीत के साथ केरल ने लगभग दो दशक बाद लगातार दूसरी बार संतोष ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया है।
अब खिताबी मुकाबले में केरल का सामना सर्विसेज से होगा। इससे पहले दिन के पहले सेमीफाइनल में सर्विसेज ने सिलापाथार फुटबॉल स्टेडियम में रेलवे को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
सर्विसेज की ओर से अभिषेक पवार ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच के दोनों हाफ में एक-एक गोल दागकर अपनी टीम को दो साल बाद फाइनल में पहुंचाया। पवार ने 30वें मिनट के तुरंत बाद शानदार हाफ-वॉली से पहला गोल किया, जबकि दूसरे हाफ में पेनल्टी पर गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को जाल में पहुंचाया।
संतोष ट्रॉफी में केरल ने पंजाब को 4-0 से रौंदा, फाइनल में सर्विसेज से होगी भिड़ंत






