BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सदर अस्पताल में अवैध वसूली की शिकायत पर प्रशासन की कार्रवाई, रजिस्ट्रेशन कर्मी पुलिस के हवाले


औचक निरीक्षण में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने का मामला उजागर, कई विभागों की व्यवस्था भी जांच के दायरे में

रांची एक्सप्रेस संवाददाता

चतरा। सदर अस्पताल, चतरा में मरीजों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर गठित जांच टीम ने मंगलवार को सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कार्यरत कर्मी भीम कुमार सिंह पर मरीजों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने का मामला प्रथम दृष्टया सामने आया। इसके बाद जांच टीम ने संबंधित कर्मी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने रजिस्ट्रेशन काउंटर, पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक सेंटर, अल्ट्रासाउंड केंद्र, दवा घर, इमरजेंसी वार्ड, कचरा प्रबंधन समेत अस्पताल के विभिन्न विभागों की जांच की। इस क्रम में अन्य जांच सेवाओं के लिए भी मरीजों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूले जाने से संबंधित मामले सामने आए।जांच टीम ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में रजिस्ट्रेशन के लिए नियमानुसार निर्धारित शुल्क ही लिया जाना है। कई मामलों में यह सुविधा निःशुल्क भी उपलब्ध है। ऐसे में निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलना नियमों के विरुद्ध है।निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को लेकर जांच प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। इसे उपायुक्त को सौंपा जाएगा। प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को सुलभ, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मरीजों से अवैध वसूली या किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अस्पताल में किसी भी तरह की अवैध वसूली की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन को सूचित करें।जांच टीम में परीक्ष्यमान उप समाहर्ता रमेश कुमार गुप्ता, अश्विनी अभिनव, विवेक कुमार, केशव कुमार, संदीप कुमार बंकीरा, अभिषेक कुमार मिश्रा सहित डीएमएफटी के कर्मी शामिल थे।