देवघर में कल होगी डॉ. भीमराव अंबेडकर क्विज प्रतियोगिता, 400 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : युवक कांग्रेस द्वारा आयोजित गोड्डा लोकसभा स्तरीय डॉ. भीमराव अंबेडकर क्विज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन शनिवार, 24 अक्टूबर को किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में ग्रुप-ए के तहत देवघर, मधुपुर और जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के लगभग 400 छात्र-युवा प्रतिभागी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता का स्थल जसीडीह स्थित मधुवागढ़ा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित तैयारी बैठक के दौरान दी।
पौड़ैयाहाट विधायक श्री यादव ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता को सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए एक समीक्षा बैठक कर सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश होंगे। उन्होंने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में संवैधानिक मूल्यों और डॉ. अंबेडकर के विचारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित की जा रही हैं।
वहीं प्रेस को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के कॉर्डिनेटर और युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आर्क आदित्य यादव ने कहा कि वर्तमान केंद्रीय शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली से छात्र और युवा काफी हद तक हतोत्साहित हुए हैं। ऐसे में युवाओं में नया उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना भरने के लिए यह क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। हमारा लक्ष्य है कि यह प्रतियोगिता पूरी तरह विधिवत, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। इसके लिए हर बिंदु पर गहन विमर्श कर आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं।
इस समीक्षा बैठक में प्रदेश महासचिव डॉ. मुन्नम संजय, देवघर जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास, युवा जिलाध्यक्ष आशीष भारद्वाज, प्रो. उदय प्रकाश, मुकुंद दास, नागेश्वर सिंह, दिनेश कुमार मंडल, अजय कुमार, अनंत मिश्रा, राहुल सिंह, गणेश दास, मकसूद आलम, भवेश भूषण, मणिकांत यादव, नित्यानंद सेवक, राहुल राज, रवि वर्मा, गुलाब यादव, हेमंत चौधरी, आफताब आलम, अमित यादव सहित कांग्रेस और राजद के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष रवि केशरी सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। उक्त जानकारी कांग्रेस नेता दिनेश कुमार मंडल ने दी।


.png)



