BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

एसआईआर-2026 को लेकर देवघर में समीक्षा बैठक, एसडीएम ने अधिकारियों को दिए तेजी से काम पूरा करने के निर्देश


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सूचना भवन, देवघर के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य देवघर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एसआईआर अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करना और कार्य के दौरान आ रही तकनीकी विसंगतियों को दूर करना था। इस दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने विधानसभा वार अब तक हुए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।

समीक्षा के क्रम में उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों, जैसे Form-6 (नया मतदाता जोड़ने), Form-7 (नाम हटाने) और Form-8 (नाम व पते में संशोधन) के डिजिटलाइजेशन और निष्पादन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पाया कि कई जगहों पर डिस्पोजल की गति धीमी है, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि एसआईआर-2026 भारत निर्वाचन आयोग का एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित किया कि डॉक्यूमेंट अपलोड, डिजिटाइजेशन और फील्ड वेरिफिकेशन से जुड़े सभी कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए।

विशेष रूप से बीएलओ द्वारा Form-6 के कलेक्शन और उसके डिजिटाइजेशन की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी बीएलओ सुपरवाइजर को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और घर-घर जाकर सत्यापन के कार्य को गंभीरता से पूरा करवाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटि रहित बनाना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।

बैठक में सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, देवघर, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर और निर्वाचन शाखा से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित थे।