पीएम पोषण योजना को लेकर प्रशासन सख्त, शत-प्रतिशत विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश
जामताड़ा। जिले के सरकारी विद्यालयों में संचालित पीएम पोषण योजना (मध्याह्न भोजन योजना) को प्रभावी, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आलोक कुमार के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त श्री असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्याह्न भोजन योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने, प्रतिदिन योजना से संबंधित एसएमएस भेजने, विद्यार्थियों को आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों का वितरण करने तथा योजना की अन्य व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
इस दौरान उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के शत-प्रतिशत विद्यालयों में पीएम पोषण योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विद्यालयों में निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को बेहतर पोषण मिलने के साथ उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े।
उन्होंने खाद्यान्न की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवंटित खाद्यान्न का स्कूल स्टेप डिलीवरी के माध्यम से समय पर उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एल्बेंडाजॉल एवं आईएफए की गोलियों का निर्धारित समय पर वितरण कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े रसोइयों के लंबित मानदेय भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने तथा योजना से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजना की नियमित निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचे।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, सभी संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।


.jpg)


