फतेहपुर भाजपा मंडल ने मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती
भाजपा नेताओं ने चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, अंत्योदय और राष्ट्रसेवा के विचारों को अपनाने का लिया संकल्प
फतेहपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती शुक्रवार को फतेहपुर भाजपा मंडल में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संजय मंडल ने की।
इस अवसर पर भाजपा नेता अमित भैया ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, उनके आदर्शों, सादगीपूर्ण जीवनशैली और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण पर विस्तार से चर्चा की। उनके द्वारा प्रतिपादित अंत्योदय के विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की प्रेरणा बताया गया।
कार्यक्रम में मंडल महामंत्री निवारण मंडल, पूर्व विस्तारक सुखेन मंडल, नरेश दास, रामेश्वर मंडल, तिलक चार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।






