BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

स्वास्थ्य मंत्री ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, गैरहाजिर डॉक्टरों और कर्मियों को शो-कॉज


जामताड़ा : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हलचल देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, एएनसीयू (नवजात शिशु देखभाल इकाई), आईसीयू सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और जनसुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में इलाजरत मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि अस्पताल में उन्हें किस प्रकार की चिकित्सा सुविधा मिल रही है और इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। इसके अलावा मंत्री जच्चा-बच्चा वार्ड भी पहुंचे, जहां उन्होंने नवजात शिशुओं और उनकी माताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नवजात बच्चों को आशीर्वाद दिया तथा पारंपरिक मुंह दिखाई की रस्म भी अदा की। अस्पताल निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अपना ब्लड प्रेशर भी जांच कराया।
ड्यूटी से गायब डॉक्टरों और कर्मियों पर जताई नाराजगी
अस्पताल निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वे सदर अस्पताल की वास्तविक स्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान कुछ डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं मिले। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित डॉक्टरों एवं कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि अनुपस्थित पाए गए सभी लोग जल्द से जल्द अपना जवाब दें। स्वास्थ्य विभाग में जिम्मेदारी से काम करना सभी की जवाबदेही है। मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही, ड्यूटी से अनुपस्थिति अथवा कर्तव्यहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
22 हजार अनुबंध कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा की सौगात
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के अनुबंध कर्मचारियों के लिए एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार राज्य के करीब 22 हजार अनुबंध कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने जा रही है। इसके तहत कर्मचारियों को 15 लाख रुपये तक के इलाज का खर्च उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। मंत्री के इस ऐलान को राज्य के अनुबंध कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण है और उनके हितों का ध्यान रखना भी सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य बीमा की इस पहल से अनुबंध कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी अथवा महंगे इलाज की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार गंभीर
स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक निरीक्षण को सदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एक ओर जहां मंत्री ने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डॉक्टरों और कर्मचारियों को शो-कॉज कर स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सेवा सर्वोपरि है। अब अस्पताल में निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था में कितना सुधार होता है और अनुपस्थित पाए गए कर्मियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर रहेगी।