छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी उपायुक्तों और सिविल सर्जनों को मंत्री का सख्त निर्देश
जामताड़ा के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, संवेदनशील घाटों पर NDRF, गोताखोर, मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात करने का आदेश
जामताड़ा : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने झारखंड के सभी जिलों के उपायुक्तों एवं सिविल सर्जनों को सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त रखने का सख्त निर्देश दिया है। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि छठ घाटों पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसी क्रम में गुरुवार को मंत्री ने जामताड़ा जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पूजा से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने सभी उपायुक्तों को तालाबों, नदियों, डैम और संवेदनशील घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। गहरे पानी वाले घाटों पर NDRF, स्थानीय गोताखोरों और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती के निर्देश दिए। वहीं, सभी प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम, पर्याप्त दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध रखने को कहा।
सिविल सर्जनों को चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवा सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
डॉ. अंसारी ने कहा कि छठ की तैयारी कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखनी चाहिए। छठ मैया के प्रति उनकी गहरी आस्था है और उनकी प्राथमिकता है कि प्रत्येक व्रती एवं श्रद्धालु सुरक्षित पूजा संपन्न कर अपने घर लौटे। उन्होंने चेतावनी दी कि जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।


.jpg)


