BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाएगी भाजपा, 15 नवंबर को जिलेभर में होंगे कार्यक्रम


उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। आगामी 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भव्य रूप से करेगी। इसको लेकर बुधवार को बुद्धुडीह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व विधायक एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती सीता सोरेन उपस्थित रहीं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सीता सोरेन ने कहा कि 15 नवंबर का दिन देश के जनजातीय समाज के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का दिन है। इसी दिन महान स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में इस पवित्र दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर आदिवासी समाज को विशेष सम्मान देने का काम किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक वर्ष इस दिवस को पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाती है। इस वर्ष भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नितिन नवीन के दिशा-निर्देश पर देशभर के जनजातीय जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंडल स्तर पर 3 और 6 नवंबर को संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि 11 नवंबर को जिला स्तर पर कार्यक्रम हुए। इसी कड़ी में जामताड़ा जिले में भी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी राष्ट्रपति भवन में आदिवासी स्कूली बच्चों के साथ इस दिवस को विशेष रूप से मनाएंगी। इसके अलावा आदिवासी विद्यालयों एवं छात्रावासों में युवा संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय युवाओं को उनके गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराया जा रहा है।
सीता सोरेन ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले आदिवासी समाज को लंबे समय तक उपेक्षा और अभाव का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, उस दौर में कई जनजातीय क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित थे तथा शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आदिवासी समाज के उत्थान के लिए नई-नई योजनाएं और नीतियां लागू कर रही है। जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है और समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह झूठी बातें फैलाकर समाज को बांटने का प्रयास कर रहा है।
निशा भगत आत्महत्या प्रकरण को लेकर भी सीता सोरेन ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि निशा भगत और सूर्या हांसदा जैसे कई लोग आदिवासी समाज के हितों के लिए आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को प्रताड़ित किया जाता है और उनकी आवाज दबाने का प्रयास होता है। सीता सोरेन ने कहा कि निशा भगत की मौत के बाद भाजपा ने पूरे प्रदेश में कैंडल मार्च और मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सीबीआई जांच का आश्वासन तो दिया, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर भी निशाना साधा। सीता सोरेन ने कहा कि यदि स्वास्थ्य मंत्री के बुलाने पर भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तो आम जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार को घेरा।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जामताड़ा जिले में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए पार्टी स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं, कार्यक्रम संयोजक दिलीप हेंब्रम ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे, तब झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिया गया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज को विशेष सम्मान दिया गया। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रेस वार्ता आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री कमलेश मंडल, प्रदेश कार्यक्रम विभाग के सह संयोजक मनीष दुबे, कार्यक्रम सह संयोजक अबीता हांसदा, उत्तम हेंब्रम, मंगल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री किरण बेसरा एवं आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत तथा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष निर्मल सोरेन सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।