BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राज्य स्थापना दिवस पर 15 से 28 नवंबर तक जामताड़ा में होंगे विविध कार्यक्रम, छठ घाटों पर चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान


जामताड़ा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह एवं छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 15 से 28 नवंबर 2026 तक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर गुरुवार को उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशानुसार हुई, जिसमें राज्य स्थापना दिवस समारोह, छठ घाटों की साफ-सफाई, परिसंपत्तियों का वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और विभिन्न विभागों की योजनाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह गायछंद मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सर्किट हाउस से घोष बांध छठ घाट तक ‘रन फॉर स्वच्छ एवं विकसित झारखंड’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित झारखंड का संदेश दिया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। घाटों की साफ-सफाई के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सभी छठ घाटों पर राज्य स्थापना दिवस एवं छठ महापर्व की शुभकामनाओं से संबंधित फ्लैक्स और होर्डिंग लगाए जाएंगे। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद एसजीएसवाई सभागार में जिला स्तरीय समारोह सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें 10 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और जिले के पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
वहीं, 16 से 20 नवंबर तक जिले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ निबंध लेखन, क्विज एवं कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी भवनों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था करने तथा राज्य स्तरीय समारोह में जिले की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। 26 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में जिले की भागीदारी को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि राज्य स्थापना दिवस समारोह एवं छठ महापर्व का आयोजन सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से किया जा सके।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) नीलम कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।