झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पलामू में रोजगार सृजन एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां जारी
VB-G RAM G के तहत 15 से 28 नवंबर तक विशेष रोजगार सृजन अभियान, तीन दिनों में 14,985 मानव दिवस का सृजन; शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, गौरवशाली विरासत एवं संस्कृति से कराया अवगत
पलामू, 17 नवंबर 2026: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें जयंती वर्ष के अवसर पर जिले में 15 से 28 नवंबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में VB-G RAM G के तहत विशेष रोजगार सृजन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से विकसित भारत–जी राम जी से जुड़े ग्रामीणों, इच्छुक श्रमिकों एवं महिलाओं को जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मांग के अनुरूप व्यापक स्तर पर रोजगार का सृजन करना तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार के अवसरों, 125 दिनों के रोजगार के प्रावधान तथा 300 रुपये प्रतिदिन की दैनिक मजदूरी के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है।
इसी क्रम में 15 नवंबर 2026 को पलामू जिले की सभी 265 पंचायतों में बैनर-पोस्टर एवं प्रभात फेरी के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों, इच्छुक श्रमिकों एवं महिलाओं को अभियान के उद्देश्यों तथा रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत 15 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक मात्र तीन दिनों में कुल 14,985 मानव दिवस का सृजन किया गया है। वहीं, 17 नवंबर 2026 को कुल 25,855 योजनाओं के विरुद्ध 5,948 मजदूरों को कार्य में लगाया गया। यह ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
वहीं, झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर शिक्षा विभाग द्वारा राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, पांकी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को झारखंड के गौरवशाली इतिहास, ऐतिहासिक संघर्षों, महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों के योगदान तथा झारखंड राज्य के गठन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया गया।
विद्यार्थियों को झारखंड राज्य की स्थापना के 26वें जयंती वर्ष के महत्व के साथ-साथ राज्य की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं एवं गौरवशाली पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने राज्य के इतिहास, संघर्ष, संस्कृति एवं उपलब्धियों से जोड़ना तथा उनमें राज्य के प्रति गौरव एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने झारखंड के विकास, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ भी ली। विद्यार्थियों को राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाने, अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में रोजगार सृजन, ग्रामीण आजीविका संवर्धन, शिक्षा एवं सांस्कृतिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के दौरान रोजगार सृजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रखंडों एवं पंचायतों को 28 नवंबर 2026 को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन, पलामू द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा राज्य के विकास, समृद्धि एवं गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।


.jpg)


