चलो गांव की ओर कार्यक्रम के तहत चैनपुर के कई गांवों में पहुंचे लक्ष्मी नारायण तिवारी ग्रामीणों की समस्याओं से हुए रूबरू
बिजली ट्रांसफॉर्मर बदलने का मिला आश्वासन, धान खरीद में किसानों के साथ बिचौलियों की भूमिका पर उठे सवाल
मेदिनीनगर : पूर्व प्रदेश सचिव झारखंड कांग्रेस कमेटी के लक्ष्मी नारायण तिवारी ग्रामीणों की समस्याओं को करीब से जानने और उनके समाधान की पहल करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘चलो गांव की ओर’ कार्यक्रम के तहत आज चैनपुर प्रखंड के बरांव, बसरिया, हरिणामाड़, चोठासा, जयनगरा समेत कई गांवों का भ्रमण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान की पहल की गई।
भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत बरांव के बसरिया गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव का बिजली ट्रांसफॉर्मर खराब पड़ा है। छठ महापर्व के आयोजन को देखते हुए ग्रामीणों ने जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग रखी। इस पर मौके से ही कार्यपालक अभियंता को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी गई और नया ट्रांसफॉर्मर लगाने का अनुरोध किया गया। कार्यपालक अभियंता ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव का नाम दर्ज कर छठ पूजा से पहले नया ट्रांसफॉर्मर लगाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद बरांव और हरिणामाड़ गांव में किसानों से मुलाकात कर उन्हें सरकार द्वारा 15 दिसंबर से धान खरीद शुरू करने के निर्णय की जानकारी दी गई। किसानों ने आग्रह किया कि उनकी एक बैठक बुलाकर किसान संगठन बनाया जाए, ताकि धान की बिक्री के दौरान किसानों को पैक्स केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो। किसानों का कहना था कि धान खरीद की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।
वहीं, चोठासा गांव स्थित लक्ष्मी नारायण यज्ञशाला पहुंचकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया गया। इसके बाद जयनगरा में आदिवासी ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धान खरीद के समय पैक्स केंद्रों पर वास्तविक किसानों से धान लेने के बजाय बिचौलियों से खरीदारी की जाती है। किसानों को तरह-तरह के बहाने बनाकर वापस लौटा दिया जाता है और बाद में खरीद की समय-सीमा समाप्त होने की बात कहकर उनका धान नहीं लिया जाता।
इस पर किसानों को आश्वस्त किया गया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। धान खरीद शुरू होने पर पैक्स केंद्रों की निगरानी की जाएगी, ताकि वास्तविक किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो और उन्हें बिचौलियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
गांव भ्रमण के दौरान चोठासा के मुखिया अरविंद तिवारी, राम प्रसाद चौधरी, देवनाथ यादव, प्रदीप दुबे, देना यादव, विंदेश्वरी उरांव, प्रकाश यादव, विजय यादव, राजू चौधरी, दिलीप राम, शंभू राम, नसीम अंसारी, बिरजू चौधरी, छोटू चौधरी, देवनारायण चौधरी, राजकुमार चौधरी, ललन चौधरी, गोपाल चौधरी, जगतपाल उरांव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
पूरे क्षेत्र भ्रमण के दौरान पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमरेश कुमार पांडेय भी साथ रहे।


.jpg)


