BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

शांतिपुरी की दुर्गा पूजा युवाओं की अच्छी पहल, हर संभव सहयोग करेगा नगर निगम : मनोज सिंह


मेदिनीनगर. मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के उपमहापौर मनोज सिंह शांतिपुरी में नव युवा भवानी संघ द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचे. इस दौरान समिति के सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. मौके पर उपमहापौर ने समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया, उसी प्रकार प्रभु श्रीराम ने रावण का वध कर असत्य पर सत्य की विजय स्थापित की. इन धार्मिक प्रसंगों से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए कि हम भी अपने अंदर की बुराइयों को समाप्त करें. खासकर आज के युवाओं को अपनी गलत आदतों को छोड़कर समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने कहा कि शांतिपुरी में नव युवा भवानी संघ द्वारा पहली बार दुर्गा पूजा का आयोजन करना युवाओं की सराहनीय पहल है. यह आयोजन आने वाले वर्षों में और भी भव्य रूप लेगा. इसके लिए समिति को शहरवासियों का सहयोग मिलना चाहिए. उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर निगम की ओर से समिति को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. उपमहापौर ने कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है. इसी क्रम में शांतिपुरी के लोगों को भी विभिन्न समस्याओं से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा. क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या होने पर स्थानीय लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं की इस सकारात्मक पहल से सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द को मजबूती मिलेगी. शहरवासियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और युवाओं का उत्साहवर्धन करना चाहिए.