BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

​कुदागा में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया छर्री लदा हाइवा, चालक की दर्दनाक मौत



​खलासी बाल-बाल बचा, हादसे के वक्त वही चला रहा था वाहन
​मासूम बेटे के सिर से उठा साया, गर्भवती पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा गांव के पास बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा चालक की मौत हो गई। छर्री (गिट्टी) से लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि खलासी बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय खलासी ही वाहन संचालित कर रहा था।
​मृतक की पहचान बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के पंजरी कला पंचायत अंतर्गत सेमरी गांव निवासी 28 वर्षीय पंकज प्रजापति (पिता: उदय प्रजापति) के रूप में हुई है।
​करसो से बैरिया जा रहा था हाइवा
​मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर के करसो से छर्री लोड कर हाइवा (वाहन संख्या/मालिक: नावा बाजार निवासी परेश गुप्ता) मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के हाउसिंग कॉलोनी, बैरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान बुधवार की रात करीब 11:30 बजे कुदागा गांव के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित शीशम के पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में चालक पंकज प्रजापति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
​परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पसरा मातम
​यह हादसा पीड़ित परिवार के लिए वज्रपात बनकर आया है। मृतक पंकज प्रजापति अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। परिवार में दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है कि हर किसी की आंखें नम हैं—उनकी पत्नी गर्भवती हैं और घर में नए मेहमान के आने की उम्मीदें थीं, जबकि उनका एक ढाई साल का मासूम बेटा भी है। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वहां अब इस मर्मस्पर्शी हादसे के बाद से कोहराम मचा है और पूरे सेमरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
​