बिहार के औरंगाबाद से भुरकुंडा तक मजदूरों की आवाज बने पाठक
मेदिनीनगर :
मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ने वाले वरिष्ठ मजदूर नेता और कोलफिल्ड्स मजदूर यूनियन के महामंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ पाठक का निधन हो गया। सोमवार को इलाज के दौरान उन्होंने नवजीवन हॉस्पिटल, तुम्बागड़ा में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।
बिहार से भुरकुंडा तक का सफर
सुरेंद्र नाथ पाठक मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र के निवासी थे। मजदूरों की सेवा और संगठन के लिए वे वर्षों पहले रामगढ़ जिले के भुरकुंडाआ गए और वहीं से मजदूर संगठन का संचालन करने लगे।
भुरकुंडा को उन्होंने अपनी कर्मभूमि बना लिया। कोयला क्षेत्र के मजदूरों की समस्याएं, वेतन, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई में वे हमेशा सबसे आगे रहे।
बीमारी के चलते वे इन दिनों अपने पुत्र के नेतरहाट स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नवजीवन हॉस्पिटल, तुम्बागड़ा ले जाया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को काशी (वाराणसी) में संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में परिजनों के साथ अन्य शामिल हुए।
मजदूर आंदोलन को अपूरणीय क्षति
कोलफिल्ड्स मजदूर यूनियन में महामंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में सुरेंद्र नाथ पाठक ने हमेशा मजदूरों की आवाज को बुलंद किया। यूनियन के साथियों ने कहा कि उनका जाना मजदूर आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है।
उनके निधन पर राजहरा कोलियरी मजदूर संघ के महासचिव जीवधन साहू, रीता कुजूर, शंकर चौहान, मो सुल्तान कृष्णा सहित अन्य ने शोक व्यक्त किया है।



.jpg)


