बिना उद्घाटन के खंडहर बना पतरिया स्वास्थ्य उपकेंद्र, तोड़फोड़ व चोरी पर झारखंड क्रांति मंच ने जताई नाराजगी
नावाबाजार (पलामू)
रबदा पंचायत के पतरिया सीवान पर 2016-17 में करीब 48 लाख रुपये की लागत से बने स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के उद्घाटन के इंतजार में खंडहर में तब्दील होने और उसमें हुई तोड़फोड़-चोरी को लेकर झारखंड क्रांति मंच ने जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु और नावाबाजार प्रखंड अध्यक्ष संतोष राम ने ग्रामीणों के साथ आज सुबह इस बदहाल भवन का दौरा किया। उन्होंने बताया कि बिना संपर्क पथ और उद्घाटन के वर्षों से बंद पड़े इस भवन के दरवाजे, खिड़कियां, टाइल्स, बिजली वायरिंग और पंखे अज्ञात चोरों द्वारा चुरा लिए गए हैं। भवन वर्तमान में असामाजिक तत्वों और कुत्तों का अड्डा बन चुका है।
ग्रामीणों के अनुसार, ठेकेदार फंटुश जायसवाल द्वारा आज तक न तो यह भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंपा गया है और न ही यहां कभी स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो सकीं।
शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने चेतावनी दी है कि यदि जिला प्रशासन ने शीघ्र इस मामले का संज्ञान लेकर भवन की मरम्मत, संपर्क पथ का निर्माण और डॉक्टर-नर्स की तैनाती नहीं की, तो झारखंड क्रांति मंच उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और पलामू डीसी को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा।


.jpg)


