मुखिया संदीप यादव की पहल लाई रंग, तूरी व तेतरिया के ग्रामीणों को मिली राहत
हरिहरगंज प्रखंड की तूरी पंचायत में योग्य लाभुकों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए सराहनीय पहल की गई है। पंचायत के मुखिया सह हरिहरगंज मुखिया संघ के अध्यक्ष संदीप कुमार यादव की पहल पर बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी ने एक दर्जन से अधिक लाभुकों के पेंशन आवेदन की ऑनलाइन स्वीकृति प्रदान की।
इस प्रक्रिया में मुखिया की ओर से पंचायत क्षेत्र में घर-घर जाकर आवेदकों का सत्यापन कराया गया। इसके बाद प्रखंड कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की गई। मुखिया संदीप कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि घर-घर सत्यापन की व्यवस्था से ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पंचायत में जो भी योग्य व्यक्ति पेंशन के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें जल्द लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है। वहीं बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी ने कहा कि सभी योग्य लाभुकों को पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पेंशन स्वीकृत होने पर तूरी और तेतरिया गांव के लाभुकों ने मुखिया एवं बीडीओ के प्रति आभार जताया।



.jpg)


