झामुमो नेता सह सेवादार दीपक तिवारी की माता सरोज देवी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
पलामू : झामुमो नेता सह समाजसेवी एवं सेवादार दीपक तिवारी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी पूज्यनीय माता सरोज देवी का 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले तीन दिनों से हृदयाघात के कारण वह नारायणी अस्पताल में भर्ती थीं। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए गुरुवार को उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली।
मां का साया सिर से उठ जाना जीवन की उन पीड़ाओं में से एक है, जिसकी भरपाई दुनिया की कोई शक्ति नहीं कर सकती। मां केवल एक रिश्ता नहीं होतीं, बल्कि वह परिवार की धुरी, संस्कारों की जननी और हर मुश्किल घड़ी में संबल होती हैं। सरोज देवी का यूं अचानक संसार से विदा हो जाना उनके परिजनों के लिए ऐसी रिक्तता छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।
उनके निधन की खबर से पैतृक गांव रेड़मा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मेदिनीनगर के अनेक गणमान्य लोगों ने दीपक तिवारी के आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
सरोज देवी अपने पीछे दो पुत्र, चार पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनका अंतिम संस्कार आज चार बजे पंपूकल स्थित कोयल नदी घाट पर किया जाएगा।
इस दुख की घड़ी में ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।


.jpg)


