प्रगतिशील पत्रकार मंच हुसैनाबाद ने राज्यपाल के नाम एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
द भारत मित्र के
पत्रकार अभिषेक भारती की सुरक्षा और और उनपर हुए फर्जी मुकदमा वापस लेने की मांग
हुसैनाबाद,पलामू:पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के संरक्षण की मांग को लेकर प्रगतिशील पत्रकार मंच, हुसैनाबाद ने मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल के नाम अनुमंडल पदाधिकारी, हुसैनाबाद के माध्यम से मांग पत्र भेजा।
मांग पत्र में भारत मित्र यूट्यूब चैनल के पत्रकार अभिषेक भारती के मामले को उठाते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके विरुद्ध दर्ज कथित फर्जी मुकदमे को वापस लेने की मांग की गई।
मंच ने कहा है कि पत्रकार अभिषेक भारती द्वारा सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक संवेदनशील मामले में, जिसमें एक नाबालिग आदिवासी लड़की का प्रकरण शामिल है, दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग की जा रही थी। यह पत्रकार की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनहित में सूचना सामने लाने के अधिकार का हिस्सा है। ऐसे में पत्रकार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाना स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए चिंताजनक है।
मंच ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान भय, दबाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। लोकतंत्र में पत्रकारिता समाज की आवाज है। इसलिए पत्रकारों को बिना किसी भय और दबाव के जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने का अवसर मिलना चाहिए।
मंच ने राज्यपाल से मामले में गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पत्रकार अभिषेक भारती की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनके विरुद्ध दर्ज कथित फर्जी मुकदमे को वापस लेने तथा पत्रकारों की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा के लिए उचित और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


.jpg)


